पटना

दानापुर कोर्ट में पेशी के बाद 7 कैदी फरार


(निज प्रतिनिधि)

पटना। दानापुर कोर्ट में पेशी के दौरान 7 कैदी फरार हो गये। पुलिस हिरासत से कैदियों के भागने के बाद पुलिस महकमें में हड़कंप मच गया है। इसकी सूचना के बाद मौके पर कई थानों की पुलिस पहुंची और खोजबीन शुरू की लेकिन उन्हें दोबारा पकड़ पाने में सफलता नहीं मिली।

बताया जाता है कि फरार सभी कैदी पटना के सिगोड़ी थाना कांड संख्या 72/21 में आरोपित हैं। एक साथ सात कैदियों के फरार होने की घटना से पुलिस की बड़ी लापरवाही सामने आयी है। पुलिस के वरीय अधिकारी इसकी मॉनिटरिंग कर रहे हैं। फरार कैदियों के रिश्तेदारों के घर पर भी पुलिस की तैनाती कर दी गयी है। वहीं कई थाने की पुलिस कैदियों को पकडऩे के लिए लगातार छापेमारी कर रही है।

दरअसल सिगोड़ी थाना के नरौली गांव में बिजली के विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच मारपीट और गोलीबारी हुई थी। जिसमें दर्जनभर से अधिक लोगों पर एफआईआर दर्ज किया गया था पुलिसिया दबिश के कारण सात नामजद आरोपितों ने आज दानापुर व्यवहार न्यायालय में सरेंडर किया। जिसके बाद कोर्ट ने सभी को जेल भेजने का आदेश दिया।

पुलिसकर्मी जब कैदियों को गाड़ी में बिठाने जा रही थी तभी सभी कैदी पुलिस को चकमा देते हुए फरार हो गये। पुलिस हिरासत से कैदियों के भागने के बाद पुलिस महकमें में हड़कंप मच गया। फिलहाल पुलिस फरार कैदियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है।