पटना

नालंदा में कोविड का लगातार बढ़ रहा प्रकोप


      • 116 लोग फिर मिले पॉजीटिव जबकि दो की मौत
      • नालंदा डीएम भी हुए कोविड पॉजीटिव लेकिन तबियत में सुधार

बिहारशरीफ (आससे)। कोविड को लेकर जिले में लगातार लोगों का टेस्ट बढ़ाया गया है। लोगों को मास्क लगाने, सोशल डिस्टेंसिंग मेंटेन करने जैसी महत्वपूर्ण जानकारियां दी जा रही है। इन सब के बावजूद जिले में कोविड केस की संख्या बढ़ती हीं जा रही है। बुधवार को तबियत में खराबी आने के बाद नालंदा के जिला पदाधिकारी योगेंद्र सिंह ने कोविड जांच कराया।

जांच में जब उन्हें एंटीजन किट में रिपोर्ट पॉजीटिव मिला तो आरटीपीसीआर जांच के लिए सैंपल भेजा गया। वहां भी रिपोर्ट पॉजीटिव आया। हालांकि एंटीजन रिपोर्ट पॉजीटिव आने के बाद ही जिला पदाधिकारी होम आइसोलेशन में चले गये। प्राप्त जानकारी के अनुसार अब जिलाधिकारी पहले से स्वस्थ है। उनकी तबियत में लगातार सुधार हो रही है। तीन दिन पूर्व तबियत में खराबी आयी थी।

इधर दूसरी ओर जिले में कोविड जांच के साथ हीं पॉजीटिव केसों की संख्या बढ़ती जा रही है। जिले में कोरोना पॉजीटिवों की संख्या 500 के करीब पहुंच गयी है। गुरुवार को हुई जांच में 116 लोग पॉजीटिव पाये गये है। जिलाधिकारी के कोविड पॉजीटिव होने के बाद कई जिला स्तरीय पदाधिकारी भी कोविड जांच कराने की तैयारी में है। इधर दूसरी ओर समाहरणालय में अनावश्यक लोगों का प्रवेश निषेध किया गया है।

इसी बीच यह भी खबर मिल रही है कि जिले में दो लोगों की मौत कोविड से हो गयी। हरनौत प्रखंड के एक शिक्षक जहां कोविड पॉजीटिव होने के कारण विम्स में भर्ती कराये गये जहां उनकी मौत हो गयी। बताया जाता है कि उक्त शिक्षक पिछले कुछ दिन पूर्व बाहर घूमने गये थे और लौटने के बाद उनकी तबियत खराब हुई, जिसके बाद से उनका इलाज हरनौत के एक निजी अस्पताल में चल रहा था। स्थिति बिगड़ने के बाद उन्हें आज विम्स ले जाया गया जहां उनकी मौत हो गयी। मृतक शिक्षक सरथा गांव के रहने वाले थे। सुधांशु कुमार नामक उक्त शिक्षक सरथा मध्य विद्यालय में पदस्थापित थे।

जबकि गंगा उद्धव योजना में काम कर रहे एक कामगर की भी मौत हुई है। बताया जाता है कि उसका रिपोर्ट भी पॉजीटिव मिला था। मृतक का नाम गुमान सिंह है, जो नेपाल का रहने वाला था। विम्स में कोविड गाइडलाइन के अनुरूप दोनों मृतकों का शव पीपीई किट में पैक कर संबंधित परिजनों को सौंप दिया गया, जिसके बाद दोनों को अंतिम संस्कार के लिए ले जाया गया। मृतक कामगर का उम्र 45 साल के करीब था।