Latest News नयी दिल्ली मध्य प्रदेश राष्ट्रीय

दिग्विजय के बीफ वाले बयान पर भड़के कैलाश विजयवर्गीय,


इंदौर, एएनआइ। वीर सावरकर पर कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह की टिप्पणी पर प्रतिक्रिया देते हुए, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय सचिव कैलाश विजयवर्गीय ने रविवार को कहा कि अगर वह बीफ खाने को उचित मानते हैं तो कांग्रेस के वरिष्ठ नेता को अपना नाम बदलकर ‘दिग्विजय खान’ रख लेना चाहिए। मीडिया से बात करते हुए भाजपा नेता ने कहा कि दिग्विजय सिंह कुछ भी कह सकते हैं, वह अपने राजनीतिक संन्यास पर हैं। अगर वह बीफ खाना उचित समझते हैं तो वह अपना नाम बदलकर ‘दिग्विजय खान’ कर लें।

दिग्विजय सिंह ने 25 दिसंबर को भोपाल में जन जागरण अभियान के दौरान कहा था, ‘वीर सावरकर ने अपनी किताब में कहा था कि हिंदू का हिंदुत्व से कोई लेना-देना नहीं है। उन्होंने कभी गाय को ‘माता’ नहीं माना और उन्हें बीफ खाने में कोई दिक्कत नहीं हुई।’ सिंह ने दोहराया कि हिंदुत्व का हिंदू धर्म से कोई लेना-देना नहीं है। उन्होंने यह भी कहा कि ने यह भी कहा कि अधिसंख्य हिंदू गोहत्या के खिलाफ हैं। सिंह ने यह भी कहा कि अगर भाजपा 2024 में फिर से सत्ता में आती है तो संविधान को बदल देगी और आरक्षण प्रणाली को समाप्त कर देगी।

दिग्विजय सिंह के बयान की आलोचना

दिग्विजय सिंह के इस बयान की काफी आलोचना हो रही है। भाजपा ने उन्हें आड़े हाथों लिया है। केंद्रीय मंत्री प्रह्लाद जोशी ने रविवार को कहा कि वीर सावरकर पर कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह की टिप्पणी सुर्खियों में बने रहने के लिए दी है। उन्होंने समाचार एजेंसी एएनआइ से बात करते हुए कहा कि दिग्विजय सिंह ने एक बहुत ही गैर जिम्मेदाराना बयान दिया। अब जबकि कांग्रेस पार्टी के निर्णय लेने में उनकी कोई बड़ी भूमिका नहीं है वह यह सब लाइमलाइट में रहने के लिए कह रहे हैं। एकदम बकवास है।