Latest News नयी दिल्ली राष्ट्रीय

दिल्ली और पंजाब की तरह कर्नाटक में भी सरकार बनाएगी आप : अरविंद केजरीवाल


बेंगलुरु, । आम आदमी पार्टी (आप) के संयोजक व दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा कि उनकी पार्टी दिल्ली और पंजाब की तरह कर्नाटक के 2023 के चुनाव में जीत हासिल कर सरकार बनाएगी। बेंगलुरु में आयोजित किसानों की रैली में उन्होंने कहा कि पिछली कांग्रेस सरकार को 20 प्रतिशत कमीशन सरकार कहा जाता था, जबकि मौजूदा भाजपा सरकार को 40 प्रतिशत कमीशन सरकार कहा जाता है।

उन्होंने कहा कि हम साधारण लोग हैं। जब हमने भ्रष्टाचार के खिलाफ कानून की मांग की तो हमें राजनीति में आने की चुनौती दी गई। केंद्र सरकार अहंकार में डूबी थी, लेकिन उसे कृषि कानूनों को वापस लेना पड़ा। सरकार को बहुत समझाया कि किसानों से मत उलझो, लेकिन सरकार नहीं मानी। मैं किसानों के संघर्ष को सलाम करता हूं। कहा कि आजादी के इतने साल बाद भी किसानों का बुरा हाल है। वे आत्महत्या कर रहे हैं। किसान का बेटा अब किसान नहीं बनना चाहता। उन्होंने अप्रत्यक्ष रूप से पीएम नरेन्द्र मोदी पर भी निशाना साधा।