Latest News नयी दिल्ली राष्ट्रीय

दिल्ली में ठंड ने फरवरी में तोड़ा 19 साल का रिकार्ड,


नई दिल्ली । दिल्ली-एनसीआर में गुरुवार को हुई बारिश ने ठंड बढ़ा दी है। मौसम विभाग के अनुसार, फरवरी महीने में ठंड ने पिछले 19 साल का रिकार्ड तोड़ दिया है। तीन फरवरी को पिछले 19 साल के बाद सबसे ज्यादा ठंड पड़ी है। 71 साल में ऐसा चौथी बार हुआ है जब फरवरी महीने में इतनी ठंड पड़ रही है। इससे पहले एक फरवरी 2003 को सबसे ज्यादा ठंड पड़ी थी। जोकि फरवरी की तीसरी सबसे बड़ी ठंड थी। उस दिन अधिकतम तापमान 12.3 और न्यूनतम 10.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। एक फरवरी 1970 में सबसे ज्यादा सर्दी पड़ी थी। उस दिन अधिकतम तापमान 12.3 और न्यूनतम 5.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। वहीं, 21 फरवरी 1954 को अधिकतम तापमान 12.3 और न्यूनतम 9.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था।मौसम विभाग ने बताया कि तीन फरवरी 2022 को अधिकतम तापमान 8 डिग्री सेल्सियस की गिरावट के साथ 14.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इससे पहले बुधवार को अधिकतम तापमान 22.4 दर्ज किया गया था। इस वजह से दिल्ली में सर्दी बहुत पड़ रही है। लोग गलन महसूस कर रहे हैं।मौसम विभाग के अनुसार, गुरुवार को दिन में 30-40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलीं।

सुबह बारिश के बाद दिन में बादल छाए रहे। हवा चलने की वजह से कंपकंपी है। मौसम विभाग के अनुसार, शुक्रवार को भी बारिश होने की संभावना है।

ठंड से अभी राहत की उम्मीद नहीं

मौसम विभाग की वेबसाइट पर उपलब्ध जानकारी के अनुसार, पांच फरवरी (शनिवार) को बारिश नहीं होगी लेकिन सुबह और शाम के वक्त घना कोहरा पड़ेगा। घना कोहरा पांच फरवरी से सात फरवरी तक पड़ेगा। वहीं आठ फरवरी और नौ फरवरी को भी कोहरा पड़ेगा। पांच फरवरी से नौ फरवरी तक न्यूनतम तापमान 8 से 9 डिग्री सेल्सियस तक रहेगा। जबकि अधिकतम तापमान 19 से 21 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है। यानी ठंड से लोगों को निजात मिलने की उम्मीद बहुत कम लग रही है।