Latest News नयी दिल्ली

दिल्ली में डरा रहा कोरोना! सत्येंद्र जैन बोले बढ़ा दी है टेस्टिंग की संख्या, लॉकडाउन समाधान नहीं


नई दिल्ली। देश की राजधानी दिल्ली में कोरोना (Corona in delhi) के मामले एक बार फिर से बढ़ने लगे हैं। हर दिन मामलों में वृद्धि देखी जा रही है। पिछले दो दिनों से लगातार 1500 से अधिक मामले यहां पर सामनए आए हैं, जिसके बाद सक्रिय मरीजों की संख्या में भी वृद्धि हुई है। ऐसे में दिल्ली के स्वास्थ्यमंत्री सत्येंद्र जैन ने कहा है कि पहले मामले कम थे अब बढ़ गए हैं, इसलिए हमलने कोरोना जांच की संख्या भी बढ़ा दी है।

जैन ने कहा है कि हम वर्तमान में प्रतिदिन 85,000-90,000 तक कोरोना जांच कर रहे हैं। जो कि राष्ट्रीय औसत से 5 फीसदी अधिक है। इसके साथ ही हम कॉन्टेक्ट ट्रेसिंग और आइसोलेशन भी लगातार कर रहे हैं। वहीं कोरोना से निपटने के लिए केजरीवाल सरकार के इंतजाम बताते हुए जैन ने कहा कि दिल्ली के अस्पतालों में पर्याप्त संख्या में बेड हैं।

जैन ने ये भी कहा है कि अब तक, लॉकडाउन की कोई संभावना नहीं है। पहले कहा गया था कि संक्रमण और रिकवरी के बीच 14-दिन का समय होता है। विशेषज्ञों ने कहा कि अगर सभी गतिविधियां 21 दिनों के लिए बंद हो जाती हैं, तो यह नहीं फैलेगा। लॉकडाउन बढ़ाया गया था, लेकिन यह पूरी तरह से बंद नहीं हुआ। इसलिए मुझे नहीं लगता कि लॉकडाउन समाधान है।

शुक्रवार को सामने आए 1534 मामले
बता दें कि दिल्ली में शुक्रवार को कोरोना के 1534 नए मामले सामने और संक्रमण दर भी बढ़कर 1.80% हो गई है। ये 16 दिसंबर के बाद की सबसे ज्यादा संक्रमण दर है। इससे पहले 16 दिसंबर को 1.96% संक्रमण थी। बीमारी से 9 मरीजों की मौत हुई है। 1 दिन में 85092 लोगों की कोरोना जांच की गई है। इसके साथ ही कोरोना रिकवरी दर घटकर 97.7 प्रतिशत हो गई है। सक्रिय मरीजों की संख्या बढ़कर 6051 हो गई है। 29 दिसंबर के बाद सबसे बड़ी संख्या है। एक महीना पहले ये संख्या 1000 पर आ गई थी।

231 नए हॉटस्पॉट जोन बने
1 दिन में 231 नए हॉटस्पॉट जोन बन गए हैं। हॉटस्पॉट जोन की संख्या भी बढ़कर 1307 हो गई है। वहीं मास्क नहीं पहनने और बाजारों में शारीरिक दूरी के नियमों का पालन नहीं करने वालों के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। शुक्रवार को जारी रिपोर्ट के अनुसार 1 दिन में 971 और मरीज ठीक हुए हैं, लेकिन कई दिनों से ठीक होने वाले मरीजों की संख्या नए मामलों की संख्या से कम होने से मरीजों की संख्या में लगातार वृद्धि हो रही है।

दिल्ली के अस्पतालों में इतने बेड हैं खाली
रिपोर्ट के अनुसार दिल्ली में अब तक 6 लाख 54 हजार 276 लोग कोरोना संक्रमित हो चुके हैं। इनमें से 6 लाख 37 हजार 238 लोग कोरोना वायरस को मात देकर ठीक हो चुके हैं। वहीं दिल्ली में कुल मृत्यु दर 1.68% है। दिल्ली के कोविड अस्पतालों के कुल 5 हजार 742 बेड में से 4 हजार 555 बेड खाली है।