News TOP STORIES नयी दिल्ली राष्ट्रीय

दिल्ली में AAP दफ्तर के बाहर BJP का प्रदर्शन, वीरेंद्र सचदेवा बोले- कैलाश गहलोत पर जल्द होगी कार्रवाई


नई दिल्ली, दिल्ली सरकार पर घोटाले का आरोप लगाते हुए आम आदमी पार्टी कार्यालय के आगे भाजपा कार्यकर्ताओं ने बुधवार को प्रदर्शन किया है। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने कहा कि पिछले आठ वर्षों में दिल्ली में भ्रष्टाचार का उद्योग चल रहा है। इस भ्रष्टाचारी सरकार को उखाड़ने का भाजपा कार्यकर्ताओं ने संकल्प लिया है।

jagran

AAP के अंत का संकेत- बीजेपी

रामवीर सिंह बिधूड़ी ने कहा कि आम आदमी पार्टी के नेता प्रधानमंत्री के खिलाफ अपशब्द बोल रहे हैं, यह इस पार्टी के अंत का संकेत है। दीया बुझने के पहले फड़फड़ाने लगता है। यही हाल आप का है। उन्होंने कहा कि शराब ठेकेदारों का कमीशन बढ़ाकर घोटाला किया गया। भाजपा कार्यकर्ताओं के संघर्ष के कारण घोटाले व भ्रष्टाचार के आरोप में मनीष सिसोदिया व सत्येंद्र जैन को जेल जाना पड़ा।

बस खरीद में घोटाला किया गया

जल बोर्ड में बिल जमा करने, बिजली कंपनियों को सब्सिडी का पैसा देने, दिल्ली परिवहन निगम में बस खरीद और स्कूलों में कमरे के निर्माण में घोटाला किया गया। इन घोटालों के लिए मुख्यमंत्री जिम्मेदार हैं। इसके साक्ष्य उपलब्ध है। भाजपा कार्यकर्ता उनकी गिरफ्तारी के लिए आंदोलन करेंगे। यह सरकार सभी मोर्चों पर विफल है। दिल्ली विश्व की सबसे प्रदूषित राजधानी है। लोगों को स्वच्छ पेयजल नहीं मिल रहा है। न कोई नया स्कूल बना और न अस्पताल।

jagran

कैलाश गहलोत पर जल्द होगी कार्रवाई

बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि कार्यकर्ता प्रदर्शन व आंदोलन के साथ जनजागरण करेंगे। अगले तीन माह तक कार्यकर्ता घर-घर जाकर आप नेताओं के अपराध की जानकारी जनता को देंगे। वर्ष 2025 से पहले इस सरकार को हटाना है। बस डिपो बनाने में घोटाला हुआ है। जल्द ही परिवहन मंत्री कैलाश गहलोत के खिलाफ कार्रवाई होगी।