Latest News नयी दिल्ली राष्ट्रीय लखनऊ

दिल्ली, यूपी, राजस्थान सहित इन राज्यों में लू से हालात गंभीर,


नई दिल्ली, । उत्तर भारत के कई राज्य इन दिनों भीषण गर्मी की मार झेल रहे हैं। तापमान में लगातार इजाफा हो रहा है और इससे जल्द कोई राहत मिलने की उम्मीद भी नहीं दिखाई दे रही है। मौसम विभाग के अनुसार, उत्तर भारत और राजस्थान के कुछ इलाकों में लू यानी हीट वेव की स्थिति गंभीर रहने वाली है। मौसम विभाग के अधिकारियों का कहना है कि लंबे समय तक बारिश नहीं होने के कारण उत्तर पश्चिम भारत में गर्म मौसम की स्थिति ‘गंभीर’ हो गई है। उन्होंने बताया कि अगले पांच दिन में उत्तर पश्चिमी भारत के अधिकांश हिस्सों में लू चलने की आशंका है। स्काईमेट वेदर के मुताबिक पश्चिम उत्तर प्रदेश और राजस्थान के अलग-अलग हिस्सों में लू से लेकर गंभीर लू की स्थिति संभव है। पंजाब, दक्षिण हरियाणा, दिल्ली, मध्य प्रदेश, बिहार, पश्चिम विदर्भ, झारखंड और गुजरात में कुछ स्थानों पर लू की स्थिति संभव है।

 

मौसम विभाग के मुताबिक राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में आज, 6 अप्रैल को न्यूनतम तापमान 19 डिग्री सेल्सियस रहने वाला है, जबकि अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस रह सकता है। इसके अलावा, गुजरात के अहमदाबाद में न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस रहेगा। मध्य प्रदेश के भोपाल का न्यूनतम तापमान 21 डिग्री सेल्सियस रहेगा, जबकि अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस रहेगा। मध्य प्रदेश में हीट वेव चलेगी। उत्तराखंड की बात करें तो यहां भी तापमान बढ़ रहा है। देहरादून का न्यूनतम तापमान 17 डिग्री सेल्सियस रहने वाला है, जबकि अधिकतम तापमान 37 डिग्री सेल्सियस रहेगा। राजस्थान के जयपुर का न्यूनतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस रहेगा। आसमान में तेज धूप खिली रहेगी।