News TOP STORIES नयी दिल्ली राष्ट्रीय

दिल्ली : MCD की बैठक कल तक के लिए स्थगित, BJP पार्षद रेखा गुप्ता और अमित नागपाल पर होगी कार्रवाई


  1. नई दिल्ली दिल्ली नगर निगम में मेयर और डिप्टी मेयर चुनाव के बाद अब स्थायी समिति के सदस्यों के चुनाव को लेकर एमसीडी सदन में रात से लेकर सुबह तक हंगामा जारी रहा। गुरुवार सुबह सदन की कार्यवाही शुरू होते ही आप के पार्षद वोट कराने को लेकर नारेबाजी करने लगे। वहीं, भाजपा के पार्षद भी मेयर के आसन के सामने पहुंच गए। इसके बाद सदन की बैठक को शुक्रवार सुबह दस बजे तक के लिए स्थगित कर दिया गया।

इससे पहले हंगामे के बीच देर रात आम आदमी पार्टी और भाजपा पार्षदों के बीच हाथापाई तक की नौबत आ गई। इस बीच, हंगामे के चलते बैठक को कई बार स्थगित करना पड़ा।

पार्षदों की बीच हाथापाई, बोतलें फेंकी गईं

बता दें कि जैसे ही सदन की कार्यवाही शुरू होती है वैसे पार्षदों का हंगामा शुरू हो जाता है। कल रात पार्षदों के बीच हाथापाई हुई और बोतलें फेंकी गईं और आज सुबह से सदन में कागज के गोले फेंके गए। इस दौरान महिला पार्षद भी आपस में भिड़ती नजर आईं। फिर हंगामे के चलते सदन की कार्यवाही को स्थगित करना पड़ा। भाजपा पार्षद स्थायी समिति के सदस्यों के चुनाव फिर से कराने की मांग पर अड़े रहे। हंगामे को लेकर एडिशनल डीसीपी शशांक जायसवाल ने सिविक सेंटर का दौरा किया।

  • 10:09 AM, 23 Feb 2023

    सदन में नहीं हुआ मर्यादा का पालन- शैली

    नवनिर्वाचित मेयर शैली ओबराय ने कहा कि सदन में मर्यादा का पालन नहीं हुआ है। पार्षदों पर हमला हुआ है। बीजेपी की रेखा गुप्ता ने पोडियम तोड़ा और अमित नागपाल ने बैलेट पेपर फाड़ा। इसलिए रेखा गुप्ता और अमित नागपाल पर कार्रवाई करेंगे।

  • 09:57 AM, 23 Feb 2023

    कल सुबह 10 बजे तक बैठक स्थगित

    एक घंटे स्थगित रहने के बाद हंगामे के बीच फिर से सदन की कार्यवाही शुरू हो गई है। वोट कराने के लेकर आप के पार्षद नारेबाजी कर रहे हैं। वहीं, भाजपा के पार्षद भी महापौर के आसन के सामने पहुंचे। इसके बाद सदन की बैठक कल यानी शुक्रवार सुबह दस बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई।

  • 09:31 AM, 23 Feb 2023

    नारेबाजी के बीच सदन की कार्यवाही फिर स्थगित

    सदन में नारेबाजी के बीच एमसीडी सदन की कार्यवाही फिर से एक घंटे के लिए स्थगित कर दी गई है।

  • 09:05 AM, 23 Feb 2023

    स्थायी समिति का चुनाव तो होगा, सुप्रीम कोर्ट का है निर्देश

    मेयर मेयर आसन के आगे आकर भाजपा पार्षद लगातार प्रदर्शन कर रहे थे। जिस पर मेयर ने बार-बार पार्षदों को चेतावनी दी कि वह आज ही चुनाव कराकर रहेंगी, क्योंकि सुप्रीम कोर्ट का आदेश है कि आज ही चुनाव कराया जाना है। उनका कहना है कि किसी भी सूरत में आज ही चुनाव होकर रहेगा। वह बिना चुनाव के बैठक स्थगित नहीं करेंगी। उनका कहना था कि स्थायी समिति के सदस्यों के चुनाव के लिए 55 बैलेट बट चुके हैं। ऐसे में वह फिर से चुनाव नहीं करा सकती हैं।

    तीन पदों पर जीतने की है भाजपा की कोशिश

    इसलिए महत्वपूर्ण है नगर निगम की स्थायी समिति दिल्ली नगर निगम की स्थायी समिति इसलिए महत्वपूर्ण है कि आप ने छह पद पर चार प्रत्याशी उतार रखें हैं, जबकि भाजपा ने तीन प्रत्याशी उतार रखें है। भाजपा अगर सदन से तीन प्रत्याशी जीतती है तो वह स्थायी समिति के अध्यक्ष के लिए लड़ाई में आ जाएगी। इसलिए आप की कोशिश चार पदों को जीतने की है और भाजपा की कोशिश तीन पदों पर जीतने की है।

  • 08:58 AM, 23 Feb 2023

    हार से बौखलाई भाजपा- AAP

    आम आदमी पार्टी ने स्थायी समिति के सदस्यों के चुनाव में हो रहे हंगामे को भाजपा की बौखलाहट बताया है।

  • 08:52 AM, 23 Feb 2023

    स्थायी समिति चुनाव में हार देख AAP ने किया हंगामा

    भाजपा ने आरोप लगाया कि स्थायी समिति के चुनाव में हार देखकर आप के पार्षदों ने हंगामा किया। भाजपा पार्षदों पर हमला किया गया। दिल्ली भाजपा के प्रवक्ता हरीश खुराना ने कहा कि आप का मेयर बनते ही निगम में तानाशाही शुरू हो गई है। स्थायी समिति के चुनाव में गुप्त मतदान के नियम का उल्लंघन किया गया। आप पार्षदों ने मतदान की तस्वीर दुर्गेश पाठक को भेजी।

    प्रवक्ता प्रवीण शंकर कपूर ने कहा कि भाजपा को डर था कि आप स्थायी समिति का चुनाव नहीं होने देगी। इसलिए सीएम से मांग की गई थी कि वह आश्वस्त करें कि आप मेयर व उपमेयर के बाद स्थायी समिति का चुनाव होने देगी। भाजपा नेताओं ने कहा कि आप को स्थायी समिति के चुनाव में भी क्रास वोटिंग का डर है, इसलिए सोची समझी साजिश के तहत हंगामा किया गया।

  • 08:52 AM, 23 Feb 2023

    भाजपा पार्षदों ने शैली ओबराय पर हमले की कोशिश की

    आम आदमी पार्टी का आरोप है कि मेयर का चुनाव हारने के बाद भाजपा के पार्षदों ने मेयर शैली ओबराय पर हमला करने की कोशिश की। सुप्रीम कोर्ट के आदेश के मुताबिक शैली ओबराय स्थायी समिति का चुनाव करा रही थीं। इसी दौरान उन पर हमला करने की कोशिश की गई। यह बात शैली ओबराय ने भी ट्वीट कर कही।

    यह अस्वीकार्य – सीएम केजरीवाल

    सीएम अरविंद केजरीवाल ने कहा कि यह बिल्कुल चौंकाने वाला और अस्वीकार्य है। वरिष्ठ नेता आतिशी ने कहा कि भाजपा की न सिर्फ महिला पार्षदों ने, बल्कि पुरुष पार्षदों ने स्टेज पर जाकर शैली ओबराय पर हमला करने की कोशिश की। भाजपा को जनादेश स्वीकार करना होगा। उन्होंने कहा कि अपनी सरकार चोर दरवाजे से बनवाने की कोशिश मत करें।

  • 08:51 AM, 23 Feb 2023

    तीन बैठकें रही असफल

    इससे पहले लगातार तीन बैठकें बेनतीजा रही थीं। कांग्रेस ने चुनाव के बहिष्कार का एलान किया था। इसके बावजूद कांग्रेस की आया नगर की पार्षद शीतल चौधरी ने मतदान में हिस्सा लिया। शीतल चौधरी के पति वेदपाल ने बताया कि उनकी पत्नी ने मतदान में हिस्सा लिया। कांग्रेस के नौ पार्षदों में से आठ सदन में नहीं आए।

  • 08:47 AM, 23 Feb 2023

    AAP की शैली ओबराय बनीं मेयर

    ढाई माह तक राजनीतिक उठापटक और सुप्रीम कोर्ट के हस्तक्षेप के बाद आखिरकार दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) में मेयर की लड़ाई आम आदमी पार्टी (आप) ने जीत ली है। निगम मुख्यालय सिविक सेंटर में बुधवार को गहमागहमी के बीच हुए चुनाव में आप प्रत्याशी शैली ओबराय ने 34 मतों से जीत दर्ज की। उन्हें 150 मत मिले, जबकि भाजपा प्रत्याशी रेखा गुप्ता के पक्ष में 116 वोट पड़े। वहीं, आप प्रत्याशी आले मोहम्मद इकबाल उपमेयर चुने गए।

    AAP ने एमसीडी में भी गाड़ दिए झंडे

    वर्ष 2012 में अस्तित्व में आने के बाद आखिरकार आप ने एमसीडी में भी झंडे गाड़ दिए हैं। वैसे, पिछले वर्ष सात दिसंबर को आया एमसीडी परिणाम आप के पक्ष में ही था। उसने 250 सीटों में 134 सीटें जीती थीं, लेकिन एलजी द्वारा मनोनीत सदस्यों के भी मेयर चुनाव में मतदान से मामला फंस गया था। मामला सुप्रीम कोर्ट पहुंचा तो फैसला आप के पक्ष में आया।

  • 08:46 AM, 23 Feb 2023

    निगम के इतिहास में पहली बार हुआ ऐसा

    निगम के इतिहास में ऐसा पहली बार हुआ है। सुप्रीम कोर्ट के निर्देश के बाद बुधवार शाम तक मेयर और उपमेयर चुन लिए गए, पर स्थायी समिति के लिए मतदान प्रक्रिया शुरू होते ही हंगामा होने लगा।

    पहले तू-तू, मैं-मैं, फिर मारपीट तक की नौबत आ गई। कुछ पार्षद टेबल के नीचे छिपे तो कुछ गेट के पीछे दुबक गए। कई पार्षद चोटिल भी हुए। भाजपा पार्षद अर्जुन मारवाह ने आरोप लगाया कि आप के पार्षदों ने उनकी पगड़ी पर हमला किया है।