Latest News अन्तर्राष्ट्रीय बिजनेस

दुनिया के सबसे बड़े रईस Elon Musk ने दान किए 5.74 अरब डॉलर के शेयर,


नई दिल्ली। दुनिया के सबसे बड़े रईस एलन मस्क (Elon Musk) ने पिछले साल नवंबर में अपनी इलेक्ट्रिक कार कंपनी टेस्ला (Electric Car Company Tesla) के कुल 5,044,000 शेयर दान किए। उन्होंने 19 से 29 नवंबर के बीच यह शेयर दान किए थे। टेस्ला दुनिया की सबसे मूल्यवान आटो कंपनी है और उस समय कंपनी के शेयरों की कीमत के हिसाब से यह राशि 5.74 अरब डॉलर है। कंपनी ने यूएस सिक्योरिटीज एंड एक्सचेंज कमीशन को यह जानकारी दी है। हालांकि इसमें यह नहीं बताया गया है कि आखिर यह रकम किस संस्था को दान दी गई है।

पिछले साल के अंत में 16.4 अरब डॉलर के शेयर बेचे थे

मस्क ने पिछले साल के अंत में 16.4 अरब डॉलर के शेयर बेचे थे। इसके लिए उन्होंने ट्विटर पर एक पोल भी कराया था और अपने फालोअर्स से पूछा था कि उन्हें टेस्ला में 10 प्रतिशत हिस्सेदारी बेचनी चाहिए या नहीं। साथ ही कहा था कि इस पोल का नतीजा जो भी रहे, उन्हें शेयर बेचने ही हैं। मस्क ने पिछले साल कहा था कि उन्हें 2021 में 11 अरब डॉलर से अधिक टैक्स देना है।

मस्क दुनिया के सबसे रईस व्यक्ति

जानकारों का कहना है कि अगर मस्क टेस्ला के शेयर गिफ्ट करते हैं तो उन्हें टैक्स में इसका फायदा मिल सकता है। ऐसा इसलिए है क्योंकि चैरिटी संस्थाओं को दिए गए दान पर कैपिटल गेन टैक्स नहीं लगता है। मस्क ने 2001 में मस्क फाउंडेशन की स्थापना की थी जिसके पास 20 करोड़ डॉलर से अधिक की परिसंपत्तियां है। मस्क दुनिया के सबसे रईस व्यक्ति हैं और ब्लूमबर्ग बिलिनियर्स इंडेक्स के मुताबिक उनकी नेटवर्थ 227 अरब डॉलर है।