News TOP STORIES झारखंड नयी दिल्ली रांची राष्ट्रीय

देवघर रोप वे हादसे में रेस्क्यू टीम में शामिल जवानों से आज प्रधानमंत्री करेंगे वार्ता


रांची, । Deoghar Ropeway Accident News देवघर रोप वे हादसे में रेस्क्यू टीम में शामिल जवानों से प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी आज यानी बुधवार की रात आठ बजे वर्चुअल वार्ता करेंगे। जवान ने जिस तरीके से हादसे में केबिन में फंसे पर्यटकों को सुरक्षित निकालने में अदम्‍य साहस का परिचय दिया, वह तारीफ योग्य है।

आपको बता दें कि देवघर त्रिकुट रोप-वे रेस्क्यू आपरेशन में 290 से अधिक जवान लगे थे। आर्मी के एक बिग्रेडियर, दो कर्नल के साथ 50 जवान व मेडिकल टीम थी। इसके अलावा आइटीबीपी के 50 जवान व अधिकारी रेस्क्यू में साथ दे रहे थे। एनडीआरएफ के 70 जवान व अधिकारी भी रेस्क्यू में रहें। वायुसेना के पांच हेलीकाप्टर के साथ 20 लोगों की टीम थी। वहीं जिला प्रशासन व पुलिस बल के वरीय अधिकारियों के साथ 100 से अधिक जवान का इस रेस्क्यू आपरेशन में फंसे पर्यटकों को सुरक्षित निकालने में अहम योगदान रहा।

जिस डोर पर टिकी थी जिंदगी, वही टूटकर दे गई मौत

प्राप्त जानकारी के अनुसार त्रिकुट रोप वे रेस्क्यू आपरेशन का काम मंगलवार दोपहर करीब एक बजे पूरा हुआ। तीसरे दिन पांच केबिन में फंसे 14 आम लोगों में से 13 को सकुशल बाहर निकाल लिया गया। मगर देवघर राम मंदिर रोड निवासी 60 वर्षीय शोभा देवी की करीब 500 फीट की उंचाई से नीचे गिर जाने के कारण मौत हो गई। जिंदगी की जो डोर उनको जीवन देने वाली थी, वही टूट गई और उनकी जान चली गई। हादसा होते ही वहां मौजूद हर चेहरा फक पड़ गया। जिंदगी जाने का दर्द लोगों की आंखों में देखा गया। अपनों के साथ वहां हर आंख छलक गई।

रोप-वे के केबिन संख्या सात में थीं शोभा

प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि शोभा देवी पति छठी लाल साह के साथ रोप-वे के केबिन संख्या सात में थीं। अन्य सभी केबिन के लोगों को बचाने के बाद सात नंबर केबिन में नंबर केबिन में वायुसेना का कमांडो पहुंचा। केबिन का दरवाजा खोलकर 11:40 पर अंदर घुसा। उसने पहले शोभा देवी को बाहर निकालने की तैयारी की। उनको सुरक्षा बेल्ट व सुरक्षा केबल से बांधा। इसके बाद उनको केबिन से बाहर निकाला गया। इसी बीच केबल केबिन ट्राली के ऊपर फंस गया। शोभा बीच हवा में लटकने लगी। हेलिकाप्टर के अंदर के जवान ने पहले केबल को छुड़ाने का प्रयास किया। लेकिन वह असफल रहा। तब केबिन के अंदर मौजूद जवान बाहर निकला। वह ट्राली के ऊपर चढ़ा। केबल को निकालने की काफी कोशिश की। इसी दौरान अचानक केबल टूट गया। शोभा नीचे खाई में जा गिरीं, उनकी मौत हो गई। उनको तत्काल एंबुलेंस से देवघर सदर अस्पताल ले जाया गया, वहां डाक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।