Latest News नयी दिल्ली रांची राष्ट्रीय

धीरज साहू को लेकर लोकसभा में हुआ जोरदार हंगामा, BJP ने राहुल-सोनिया से कर दी ये मांग


रांची। कांग्रेस के राज्यसभा सांसद धीरज साहू के यहां से बरामद नकदी को लेकर सांसद संजय सेठ ने लोकसभा में सवाल रखा। सांसद संजय सेठ के बोलते ही पूरे सदन में हंगामा छा गया। सांसद ने इस मुद्दे पर कांग्रेस, राहुल गांधी व सोनिया गांधी सबसे जवाब मांगा।

भाजपा के अन्य सांसद भी संजय सेठ के साथ खड़े होकर जवाब मांगने लगे। सांसद ने लोकसभा में कहा कि यह मामला सिर्फ नकद बरामदगी का नहीं, बल्कि राष्ट्र की सुरक्षा से जुड़ा हुआ है, जो झारखंड खनिजों के खदान के लिए जाना जाता है। उस झारखंड को आइएनडीआइ गठबंधन से जुड़े झामुमो, कांग्रेस और राजद की सरकार ने भ्रष्टाचार का खदान बना दिया है। पांच सौ करोड़ रुपये की बरामदगी कोई छोटी बात नहीं है।

‘झारखंड में ईडी के अधिकारियों पर सुरक्षा का खतरा’

उन्होंने सदन में यह बात भी रखी कि झारखंड में ईडी के अधिकारियों पर सुरक्षा का खतरा मंडरा रहा है। यह सब कुछ राज्य सरकार द्वारा संपोषित भ्रष्टाचार से जुड़े लोगों द्वारा किया जा रहा है। राज्य में ईडी के अधिकारियों की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए।

गठबंधन की भ्रष्ट सरकार को तत्काल बर्खास्त किया जाए और इतने बड़े पैमाने पर नगदी रखने वाले भ्रष्ट सांसद की तत्काल गिरफ्तारी हो। संजय सेठ ने कहा कि ईडी ने सुप्रीम कोर्ट में जो हलफनामा दिया है, वह चिंताजनक है। बेहद दुर्भाग्यपूर्ण और लोकतंत्र के लिए किसी भी रूप में अच्छा नहीं है।