Latest News नयी दिल्ली

नक्सलियों ने पुलिस कैम्प पर ग्रेनेड फेंका, जांबाज़ जवानों ने सम्हाला मोर्चा


कांकेर। छतीसगढ़-महाराष्ट्र सीमा पर फिर नक्सल हलचल तेज होती जा रही है। नक्सलियों ने बुधवार की रात गढ़चिरौली जिले के एटापल्ली तहसील अंतर्गत गट्टा पुलिस कैम्प पर हमले की कोशिश की। नक्सलियों ने कैम्प पर ग्रेनेड भी फेंका, लेकिन ग्रेनेड के नही फटने से बड़ी घटना टल गई। इस दौरान जवानों की जवाबी कार्यवाही में नक्सली भाग निकले।

बुधवार की रात करीब 50 से 60 की संख्या में पहुंचे नक्सलियों के द्वारा पुलिस कैम्प में फायरिंग के साथ ही ग्रेनेड से हमला किया, जांबाज जवानों ने तुरंत मोर्चा संभालते हुए नक्सलियों को पीछे हटने पर मजबूर कर दिया। कुछ देर चली इस हल्की मुठभेड़ के बाद नक्सली भाग निकले।

लेकिन, जिस तरह से नक्सलियों ने कैम्प पर हमला करने की कोशिश की वो पुलिस के लिए चुनौती बन सकती है। बता दें कि नक्सलियों के द्वारा 26 अप्रैल को भारत बंद का एलान किया गया है। हाल ही में गढ़चिरौली जिले में जवानों ने नक्सलियों को खासा नुकसान पहुंचाया है, जिससे नक्सली बौखलाये हुए हैं। नक्सलियों का बड़ा लीडर भास्कर हिचामी समेत 5 नक्सली होली के दिन हुई मुठभेड़ में मारे गए थे। वहीं इसके पहले नक्सलियों का हथियार बनाने का बड़ा कारखाना भी जवानों ने ध्वस्त कर दिया था