बिजनेस

नहीं रहे रसना के फाउंडर पिरोजशॉ खंबाटा


रसना ग्रुप के संस्थापक और चेयरमैन अरीज पिरोजशॉ खंबाटा का निधन हो गया है। रसना ग्रुप ने एक बयान जारी कर यह जानकारी दी है। 85 वर्षीय खंबाट का शनिवार को निधन हो गया। वह अरीज खंबाटा बेनेवॉलेंट ट्रस्ट और रसना फाउंडेशन के चेयरमैन भी थे। इसके अलावा वे डब्ल्यूएपीआईजेड (पारसी ईरानी जरथोस्ती का विश्व गठबंधन) के पूर्व चेयरमैन और अहमदाबाद पारसी पंचायत के पूर्व अध्यक्ष भी थे। बयान में कहा गया है, ‘खंबाटा ने भारतीय उद्योग, व्यापार और समाज की सेवा के जरिए सामाजिक विकास में महत्वपूर्ण योगदान दिया है।’ खंबाटा को लोकप्रिय घरेलू पेय ब्रैंड रसना के लिए जाना जाता है। इसे देश में 18 लाख खुदरा दुकानों पर बेचा जाता है। रसना अब दुनिया में सूखे/गाढ़े रूप में सबसे बड़ा शीतल पेय मैन्युफैक्चरर है। खंबाटा ने 1970 के दशक में महंगी कोल्ड ड्रिंक्स के विकल्प के तौर पर रसना को तैयार किया था। यह काफी कम समय में लोकप्रिय हो गया। इस समय रसना दुनिया के 60 देशों में बेची जाती है।