पटना

नालंदा के छबिलापुर में जमीन विवाद में आठ को मारी गोली, पांच की मौत


      • खदेड़-खदेड़ कर लोगों को मारी गोली
      • लगभग एक घंटे तक होती रही फायरिंग और 200 राउंड चली गोलियां
      • ग्रामीणों का आरोप संबंधित थाना पुलिस को तुरंत दी गयी सूचना लेकिन नहीं पहुंची पुलिस

बिहारशरीफ (आससे)। नालंदा के छबिलापुर थाना क्षेत्र में जमीन विवाद को लेकर पांच लोगों की सामूहिक हत्या कर दी गयी। वर्षों बांद नालंदा में इस तरह का सामूहिक नरसंहार हुआ है, जिससे पूरे जिले में दहशत का माहौल है। घटना का कारण 50 बीघा जमीन बताया जाता है। घटना के बाद पुलिस अधीक्षक सहित वरीय अधिकारी घटना स्थल पर कैंप कर रहे है। प्रत्यक्षदर्शियों की मानें तो अपराधियों ने खदेड़-खदेड़ कर लोगों को गोली मारी है।

राजगीर अनुमंडल अंतर्गत छबिलापुर थाना क्षेत्र के लोदीपुर गांव में यह लोमहर्षक घटना घटी जहां पांच लोगों की गोली मारकर हत्या कर दी गयी। मरने वाले और मारने वाले एक ही जाति के लोग है। मृतक के परिजनों की मानें तो 50 बीघा जमीन का विवाद वर्षों से चला आ रहा था। इसी को लेकर गांव के देवी स्थान के पास महेंद्र यादव एवं राजेश्वर यादव अपने बेटों के साथ ट्रैक्टर से खेत की जुताई कर रहा था। इस पर लोदीपुर निवासी यदू यादव, पिंटू यादव, माधो यादव आदि लोगों ने मना किया। जिसके बाद हथियार से लैस तीन दर्जन से अधिक बदमाश वहां पहुंच गये। लोग कहते हैं कि पहले से इसकी तैयारी की हुई थी। लोग पहुंचते ही फायरिंग शुरू कर दी। अंधाधुंध फायरिंग में आठ लोगों को गोली लगने की खबर है।

गोलीबारी में जो आठ लोग घायल उसमें पांच की मौत हो गयी, जबकि तीन जख्मी है। अतुल प्रभाकर, इंदु यादव गोली से घायल है, जबकि लोदीपुर निवासी यदु यादव, पिंटू यादव, मधेश यादव, धीरेंद्र यादव तथा शिवल यादव की मौत गोली लगने से हुई है। जबकि जख्मी त वीरेंद्र प्रभाकर उर्फ बिंदा, अतुल प्रभाकर एवं इंदु यादव की गंभीर हालत मो देखते हुए पटना रेफर किया गया है।

घटना के सदंर्भ में बताया जाता है कि जमीन को लेकर गोतिया के बीच विवाद चल रहा था। 50 बीघा जमीन के भूभाग का मामला न्यायालय में था। जिस कारण बंटवारा नहीं हो पा रहा था। रामस्वरूप यादव के परिजनों ने बुधवार को जबरन जमीन जोताई शुरू कर दी थी। जिसका जगदेव, रामरूप और परशुराम यादव तथा उसके परिजनों ने विरोध किया। इसके बाद चारों पक्षों में जमकर मारपीट हुई और गोलीबारी भी हुई। खदेड़-खदेड़ कर लोगों को गोली मारी गयी।

घटना की सूचना पाते ही पुलिस अधीक्षक हरिप्रसाथ एस., राजगीर डीएसपी सोमनाथ एवं कई थाना की पुलिस घटना स्थल पर पहुंच गयी है। प्रत्यक्षदर्शियों की मानें तो लगभग दो सौ राउंड गोली चली है। ग्रामीणों का यह भी आरोप है कि संबंधित थाना पुलिस को तुरंत सूचना दी गयी थी, लेकिन घंटों चले गोलीबारी के बाद पुलिस वहां पहुंची। अगर समय से पुलिस पहुंचती तो शायद इतनी बड़ी घटना नहीं होती। समाचार प्रेषण तक ग्रामीण शव को उठने नहीं दे रहे थे। पुलिस लोगों को समझाने का प्रयास कर रही है। इधर प्रशासन द्वारा जारी विज्ञप्ति में बताया गया है कि इस घटना में दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है।