News TOP STORIES नयी दिल्ली पटना बिहार

नीतीश जी आप पोस्‍टर पर तो PM बन गए, अब बिहार की जनता पर भी ध्‍यान दीजिए; गिरिराज सिंह ने उठाए कई सवाल


 सूर्यगढ़ा (लखीसराय)। केंद्रीय ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री गिरिराज सिंह ने कहा है कि नीतीश जी को सिर्फ कुर्सी की चिंता है जबकि मुझे लोगों की चिंता है। बिहार की जनता बाढ़ और सुखाड़ से जूझ रही है। बाढ़ ग्रस्त इलाके के लोग भोजन और मवेशी चारे के इंतजार में सप्ताह भर से भूखे हैं। उनकी फसलें डूब चुकी है। घरों में पानी चला गया है। वहीं नीतीश कुमार इन लोगों का ख्याल रखने के बदले अपनी कुर्सी बचाने एवं प्रधानमंत्री बनने का सपना देख रहे हैं। आज बिहार सरकार केंद्र पर विभिन्न तरह के आरोप मढ़ रही है। केंद्र पर पैसा नहीं देने का आरोप लगा रहे हैं। जबकि आपदा की छह हजार करोड़ की राशि लौटा दी है।

गिरिराज सिंह अपने संसदीय क्षेत्र बेगूसराय के शाम्हो प्रखंड अंतर्गत बाढ़ ग्रस्त इलाके का दौरा करने के क्रम में सूर्यगढ़ा में पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। गिरिराज सिंह ने कहा बिहार चाचा-भतीजे की सरकार है जिन्हें अब सिर्फ अपनी चिंता है। गिरि‍राज सिंह ने कहा कि नीतीश जी आपको जदयू ने पीएम प्रत्याशी प्रत्‍याशी बना दिया है। पोस्टर भी लग गए।  लगातार आप इसके लिए पोस्‍टर लगवा रहे हैं। अब बिहारियों की भी चिंता करें। यहां के लोग विभिन्न तरह की पीड़ा झेल रहे हैं। बाढ़ और सुखाड़ से जूझ रहे किसानों को अगली फसल के लिए 25-25 हजार रुपये की राहत दे। उन्होंने सवाल किया कि मुख्यमंत्री राघोपुर के बाढ़ इलाके में गए लेकिन बेगूसराय एवं शाम्हो क्यों नहीं आए।

भाजपा इस मुद्दे पर चुप रहने वाली नहीं है। केंद्रीय मंत्री सह बेगूसराय के सांसद गिरिराज सिंह ने शाम्हो, सरलाही, टोटहा, बिजुलिया, अकबरपुर चालीस, कुरहा, पुनाडीह सहित कई गांव गए एवं लोगों की समस्याएं सुनी। बाढ़ के पानी में डूबे रमाकांत सिंह के स्वजनों तथा भाजपा के विरिष्ठ कार्यकर्ता रहे चंद्रदेव यादव के पहुंचकर हाल चाल लिया। मौके पर सौरभ कुमार, भाजपा मंडल अध्यक्ष राजीव रंजन, पूर्व भाजपा मंडल अध्यक्ष सियाराम दास, जिप सदस्य अमित कुमार, प्रखंड प्रमुख मनोज कुमार, नारायण सिंह के अलावा शाम्हो के बीडीओ, सीओ एवं थानाध्यक्ष साथ थे।