News TOP STORIES उत्तर प्रदेश कानपुर झारखंड नयी दिल्ली पंजाब प्रयागराज बिहार महाराष्ट्र राष्ट्रीय

नूपुर शर्मा और नवीन जिंदल पर दिल्ली पुलिस का एक्शन, मौलाना मुफ्ती सहित 9 लोगों के खिलाफ FIR


नई दिल्ली, Nupur Sharma Controversy। पैगंबर मोहम्मद के खिलाफ विवादित टिप्पणी के चलते भाजपा के पूर्व नेता नूपुर शर्मा और नवीन जिंदल अब फंसते दिख रहे हैं। इसी के मद्देनजर सोशल मीडिया पर झूठ फैलाने और समुदाय विशेष के खिलाफ भड़काऊ बयान पर अंकुश लगाने के लिए दिल्ली पुलिस अब सख्ती से पेश आ रही है। पुलिस की आइएफएसओ टीम ने नूपुर शर्मा और नवीन कुमार जिंदल सहित 9 लोगों के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। बुधवार को दर्ज प्राथमिकी में कहा गया है कि घृणित संदेश में समूहों को उकसाने और हानिकारक माहौल बनाने की कोशिश की गई है।

वहीं दिल्ली पुलिस ने भड़काऊ बयान को लेकर आल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (AIMIM) पार्टी प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी पर भी एफआइआर (FIR on Asaduddin Owaisi) दर्ज कर ली है। इसमें स्वामी यति नरसिम्हानंद का भी नाम शामिल है।

इन 9 लोगों पर हुई FIR

पुलिस के मुताबिक प्राथमिकी में नूपुर शर्मा, नवीन कुमार जिंदल, शादाब चौहान, सबा नकवी, मौलाना मुफ्ती नदीम, अब्दुर रहमान, गुलजार अंसारी, अनिल कुमार मीणा और पूजा शकुन के नाम शामिल हैं। इस बीच, दिल्ली पुलिस ने मंगलवार को कहा कि उसने भाजपा की निलंबित प्रवक्ता नूपुर शर्मा को सुरक्षा इसलिए मुहैया कराई है क्योंकि विवादास्पद धार्मिक टिप्पणियों के बाद उन्हें जान से मारने की धमकी मिल रही थी।