Latest News नयी दिल्ली राष्ट्रीय

पंजाब व हरियाणा में बारिश की भविष्यवाणी, केरल में रेड अलर्ट जारी,


  • भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) ने उत्तर प्रदेश (यूपी), पंजाब, हरियाणा और केरल सहित देश के अन्य हिस्सों में बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग ने बताया है कि देश में दक्षिण-पश्चिम मॉनसून के आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां अनुकूल हैं। फिलहाल मॉनसून के मध्यप्रदेश, छत्तीसगढ़, ओडिशा, पश्चिम बंगाल, झारखंड, बिहार और पूर्वी उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में आगे बढ़ने की उम्मीद है। इससे पहले 3 जून को आईएमडी ने बताया था कि दक्षिण-पश्चिम मॉनसून ने दो दिन की देरी के बाद केरल में दस्तक दी है। इस साल मानसून भारत के दक्षिणी क्षेत्रों में देरी से आया है।

चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के मौसम विज्ञानी डॉक्टर एसएन पांडेय के अनुसार उत्तर भारत में मॉनसून इस बार काफी पहले पहुंचा है। बताया जा रहा है कि 50 साल में ऐसा पहली बार हुआ है जब यूपी में मानसून 15 दिन पहले पहुंचा है। इसलिए संभावना है कि इस साल औसत से ज्यादा बारिश होगी। वैज्ञानिकों के अनुसार समय से पहले मॉनसून के आने से धान की फसल को लाभ मिलेगा, लेकिन आम और फूल की खेती को काफी नुकसान होगा।

आईएमडी ने बारिश को लेकर यूपी में अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग ने राज्य में आने वाले एक सप्ताह तक बारिश होने की संभावना जताई है। मौसम विभाग के अनुसार यूपी में समय से पहले ही मॉनसून ने दस्तक दे दी है। शुरुआती दो दिनों तक कहीं हल्की तो कहीं तेज बारिश होने की संभावना है। इसके बाद मौसम में बदलाव होने के साथ ही बारिश भी तेज होगी। बता दें बीते सोमवार (14 जून) को पूर्वांचल के हिस्सों के अलावा लखनऊ और कानपुर के आसपास के इलाकों में भी काफी देर तक बारिश होती रही।

मौसम विभाग के अनुसार पंजाब और हरियाणा के अलावा चंडीगढ़ में 15 जून से 16 जून की सुबह गरज के साथ बारिश होने की संभावना है। इस दौरान हवा की रफ्तार 20 से 40 किमी प्रतिघंटा हो सकती है। जम्मू और कश्मीर, लद्दाख और गिलगित के भी अलग-अलग स्थानों पर भारी वर्षा की सम्भावना है। इसके अलावा बाल्टिस्तान, मुजफ्फराबाद, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब, दिल्ली, पश्चिम उत्तर प्रदेश, मध्यप्रदेश, विदर्भ और छत्तीसगढ़ जैसे क्षेत्र भी बारिश से प्रभावित होंगे।