पटना

पटना: भूमि विवाद में 40 राउंड फायरिंग


मधुबनी में हुई हिंसक झड़प, एक दर्जन से अधिक जख्मी

पटना। बिहार में भूमि विवाद के मामले भी थम नहीं रहे हैं। पटना के मसौढ़ी थाना क्षेत्र में ताबड़तोड़ फायरिंग हुई है। फायरिंग में किसी को भी गोली नहीं लगी है। मौके पर पुलिस पहुंच गई है। मिल रही जानकारी के अनुसार, पटना से सटे मसौढ़ी स्थित धनरुआ चमलुल्लाह गांव में उस समय अफरातफरी मच गई, जब भूमि विवाद में ताबड़तोड़ फायरिंग होने लगी।

सूत्रों की मानें तो दोनों दोनों पक्षों के बीच 40 राउंड से अधिक फायरिंग हुई है। गोली की आवाज से पूरे इलाके के लोग दहशत में आ गए हैं। इलाका दहल गया है। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। आनन-फानन में पुलिस ने पांच लोगों को गिरफ्तार किया है।

दूसरी ओर, बिहार के मधुबनी जिले में भी आज भूमि विवाद में हिंसक झड़प हुई है। दोनों ओर से लाठी-डंडे चलने लगे। मारपीट की इस घटना में दोनो पक्षों से 14 लोग घायल हो गए हैं। इनमें से गंभीर रूप से घायल 8 लोगों को दरभंगा के डीएमसीएच भेजा गया है। जबकि बाकी लोगों का इलाज झंझारपुर में ही चल रहा है। मारपीट की यह घटना मधेपुर थाना क्षेत्र के पौनी गांव में हुई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।