पटना

पटना: विचारधारा, कार्यक्रम और तकनीक से लैस होंगे बूथ तक के कार्यकर्ता : आरसीपी


पटना (आससे)। जदयू मुख्यालय स्थित कर्पूरी सभागार में पार्टी के तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम के दूसरे दिन राष्ट्रीय अध्यक्ष आरसीपी सिंह ने कहा कि जदयू के कार्यकर्ताओं को बूथ स्तर तक पार्टी की विचारधारा, नेता के कार्यक्रम और नयी तकनीक से लैस किया जायेगा। उन्होंने कहा कि पार्टी को बूथ पर सबसे अधिक मजबूत करना है। इसलिए जरूरी है कि हर बूथ पर काम करने वाले साथियों की पहचान की जाए। उन्होंने आगे कहा कि पंचायत, प्रखंड, जिला और प्रदेश संगठन का मूल्यांकन इस बात से किया जायेगा कि बूथ पर आप कितने सशक्त और सक्रिय है।

उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार के विकसित बिहार का सपना हम सबकी आंखों में होना चाहिये। उन्होंने बिहार में जिस व्यावहारिक समाजवाद की स्थापना की है, हर एक कार्यकर्ता न केवल उसे समझे, बल्कि इस प्रशिक्षण कार्यक्रम से जो सीख रहे हैं, उसे बांटें भी। खासकर नयी पीढ़ी को जदयू से जोडऩे के लिए सभी सोशल मीडिया प्लेटफार्म से उन्हें अधिक से अधिक जोड़ें। उन्होंने कहा कि पार्टी को आगे बढ़ाने के लिए अब हमें संकल्प नहीं, प्रतिज्ञा लेने की जरूरत है।

प्रशिक्षण कार्यक्रम की अध्यक्षता जदयू के प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा ने की, जबकि संचालन जदयू प्रशिक्षण प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यख सुनील कुमार ने की। दूसरे दिन वरिष्ठ नेता मंगनीलाल मंडल ने व्यावहारिक समाजवाद, राष्ट्रीय सचिव रवीन्द्र सिंह ने संगठन की कार्य प्रणाली, जदयू मीडिया सेल के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अमरदीप ने सोशल मीडिया, आर.आर. कल्याण ने सामुदायिक संचार तथा मुकेश कुमार ने सामूहिक नेतृत्व विषय पर प्रशिक्षण दिया।

पूर्व विधान पार्षद ललन सिंह सर्राफ, प्रदेश महासचिव डॉ. नवीन कुमार आर्य, महिला जदयू की प्रभारी डॉ. सुहेली मेहता एवं अध्यक्ष श्वेता विश्वास तथा नेत्री अप्सरा मिश्रा ने भी विभिन्न विषयों पर अपनी राय रखी। पूर्व विधान पार्षद प्रो. रामवचन राय, संजय कुमार सिंह उर्फ गांधीजी, प्रदेश महासचिव अनिल कुमार, चंदन कुमार सिंह, परमहंस कुमार, डॉ. विपिन यादव, अशोक कुमार बादल, कामाख्या नारायण सिंह, अरुण कुशवाहा, आसिफ कमाल, रामगुलाम राम एवं मृत्युंजय कुमार सिंह मुख्य रूप से उपस्थित रहे।

प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा ने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के मार्गदर्शन एवं राष्ट्रीय अध्यक्ष आरसीपी सिंह के नेतृत्व में हमें जदयू के संगठन को नयी ऊंचाई देनी है। हमारा सौभाग्य है कि हमें ऐसा नेतृत्व मिला है। उन्होंने कहा कि इस प्रशिक्षण के बाद आगे भी विभिन्न स्तरों पर प्रशिक्षण का सिलसिला जारी रहेगा। साथ ही बहुत जल्द हर जिला में पार्टी कार्यालय को नयी तकनीक से लैस किया जायेगा।