News TOP STORIES उत्तर प्रदेश नयी दिल्ली पटना बिहार राष्ट्रीय

पूर्णिया की जनभावना सभा में पहुंचे अमित शाह, स्‍वागत में भारत माता के जयकारे


पटना, : केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार में गृह मंत्री व भारतीय जनता पार्टी (BJP) के पूर्व राष्‍ट्रीय अध्‍यक्ष अमित शाह (Amit Shah) अपने दो दिवसीय दौरे पर बिहार के सीमांचल इलाके में हैं। वे पूर्णिया में जनभावना सभा (रैली) को संबोधित कर रहे हैं। इसके बाद वे किशनगंज चले जाएंगे। किशनगंज में वे सीमांचल के बीजेपी नेताओं के साथ बैठक करेंगे। किशनगंज में नेपाल सीमा पर एसएसबी कैंप भी जाएंगे।

महागठबंधन की सरकार बनने के बाद अमित शाह का यह पहला बिहार दौरा है। इसमें वे बीजेपी की मजबूती पर जोर देंगे। साथ ही मुख्‍यमंत्री नीतीश कुमार, उपमुख्‍यमंत्री तेजस्‍वी यादव एवं राष्‍ट्रीय जनता दल सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव को निशाने पर लेंगे, यह तय लग रहा है। बीजेपी विरोधी दलों की उनपर नजर बनी हुई है। लालू यादव ने भी अलर्ट रहने को कहा है।

  • आज का दिन ऐतिहासिक- विजय कुमार सिन्हा

    गृह मंत्री अमित शाह का स्वागत करते हुए बिहार के नेता प्रतिपक्ष विजय कुमार सिन्हा ने कहा कि आज का दिन ऐतिहासिक है। उन्होंने कहा कि आज राष्ट्रकवि दिनकर जी की जयंती है। मन के अंदर विचार करने से कोई परिवर्तन नहीं होगा। निर्णय लेंगे तो कुछ परिवर्तन होगा लेकिन अगर हम संकल्प लेते हैं तो बड़ा परिवर्तन होगा। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि संकल्प लीजिए, अबकी बार-बीजेपी सरकार

  • 01:15 PM, 23 Sep 2022

    भीड़ ने लगाई आवाज – अमित शाह हम आपके साथ हैं

    जैसे ही केंद्रीय गृह मंत्री मंच पर पहुंचे लोगों ने आवाज लगायी। हम आपके साथ हैं। सभी ने खूब नारेबाजी की। लोग अमित शाह के संबोधन को सुनना चाह हैं। अमित शाह-अमित शाह का नारा लगाया जा रहा है।

  • 01:03 PM, 23 Sep 2022

    शंख ध्‍वनि से सभी हुए रोमांचित

    केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के पहुंचते ही कार्यकर्ताओं ने शंख बचाने शुरू कर दिए।  इंदिरा गांधी स्टेडियम गूंज उठा। अमित शाह जिंदाबाद के नारे लग रहे हैं। नरेंद्र मोदी के समर्थन में भी नारेबाजी की जा रही है। शंखध्‍वनि सुनकर सभी रोमांचित हो उठे हैं।

  • 01:03 PM, 23 Sep 2022

    अमित शाह को दिया गदा

    केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को स्मृति चिन्ह के रूप में गदा दिया। मंच पर मौजूद भाजपा नेताओं ने गदा देकर उनका स्‍वागत किया। मखाना की माला उन्‍हें पहनाई गई। अंग वस्‍त्र दिया गया।

  • 01:03 PM, 23 Sep 2022

    अमित शाह ने जनता का किया अभिवादन

    पूर्णिया की धरती पहुंची गृह मंत्री अमित शाह ने जनता का हाथ जोड़कर अभिवादन किया। इस दौरान समारोह स्थल पर मौजूद लोगों ने मोबाइल फोन निकाल लिए। चारों ओर अमित शाह जिंदाबाद के नारे लगने लगे। तालियां बजाई गई। वहीं मंच पर मौजूद बीजेपी के नेताओं ने अमित शाह का स्वागत किया। मखाने की माला भी पहनाई गई।

  • 01:03 PM, 23 Sep 2022

    रेणु की धरती से राष्ट्रकवि दिनकर को नमन -गिरिराज सिंह

    मंच को संबोधित करते हुए केंद्रीय मंत्री सह बीजेपी के कद्दावर नेता गिरिराज सिंह ने कहा कि मैं आज राष्ट्रकवि दिनकर को नमन करता हूं। उन्होंने कहा, समर शेष है, नहीं पाप का भागी केवल व्याध, जो तटस्थ हैं, समय लिखेगा उनके भी अपराध। उन्होंने जनता से पूछा क्या बिहार से घुसपैठियों को नहीं भगाना चाहिए?

  • 01:03 PM, 23 Sep 2022

    घुसपैठ सबसे बड़ी समस्या- नित्यानंद राय

    केंद्रीय गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय ने कहा कि बिहार में सबसे बड़ी समस्या घुसपैठ है। हमें थोड़ भी सहयोग मिला तो हम वादा करते हैं कि बिहार में एक भी बाहरी परिंदे को पर नहीं मारने देंगे। हम मोदी जी की विकास की गंगा को घर-घर पहुंचाना चाहते हैं लेकिन यहां कुछ लोग पीएफआई के संरक्षक बनते हैं।

  • 01:02 PM, 23 Sep 2022

    ‘पलटू कुमार से बदला लेना है’- सम्राट चौधरी

    बिहार में प्रतिपक्ष नेता सम्राट चौधरी ने कहा कि नीतीश कुमार ने 2020 चुनाव में एनडीए के साथ रहते हुए कहा था कि वो उनका अंतिम चुनाव है। अब उनसे बदला लेने का समय आ गया है। 2024 चुनाव उनका अंतिम चुनाव बनाना है। उन्होंने नीतीश कुमार को पलटू कुमार बताते हुए विकास और एनडीए सरकार के बजट का बखान किया। सम्राट चौधरी ने केंद्र सरकार बड़ा ग्रांट देती है लेकिन नीतीश कुमार कहते हैं कि केंद्र सरकार सहयोग नहीं करती।

  • 01:01 PM, 23 Sep 2022

    इंदिरा गांधी स्टेडियम पूर्णिया पहुंचे अमित शाह

    केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह पूर्णिया के इंदिरा गांधी स्टेडियम पहुंच गए हैं। उनके पहुंचने के साथ ही लोगों ने खड़े होकर उनका अभिवादन किया। भारत माता की जय के नारे लगे। मंच के मौजूद भाजपा के सभी वरिष्‍ठ नेताओं ने उनका स्‍वागत किया है।

  • 12:58 PM, 23 Sep 2022

    हमारी लड़ाई परिवार वाली पार्टियों से – राधा मोहन सिंह

    बीजेपी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष राधा मोहन सिंह ने कहा कि आज जिन पार्टियों से हमारा संघर्ष चल रहा है, इनसे प्रजातंत्र को खतरा है। ये परिवार को मजबूत करने वाली पार्टियां हैं। ये दिनभर जनता के लिए नारे तो लगाते हैं लेकिन रात को ये अपने परिवार के लिए समर्पित हो जाती हैं। यूपी-बिहार-बंगाल-हरियाणा, हर जगह इनका परिवारवाद छाया हुआ है।

  • 12:57 PM, 23 Sep 2022

    भाजपा नेताओे का संबोधन जारी

    अब भाजपा नेता राधा मोहन सिंह सभा को संबोधित कर रहे हैं। उन्‍होंने कहा कि ब‍िहार में अपराध बढ़ गया है। जिस दिन में यहां महागठबंधन की सरकार बनी है, कानून व्‍यवस्‍था पूरी तरह चौपट गया है। लोग असुरक्षित हैं।

  • 12:52 PM, 23 Sep 2022

    सुशील कुमार मोदी ने भरी हुंकार

    मंच को संबोधित करते हुए बीजेपी के राज्यसभा सदस्य सुशील कुमार मोदी ने हुंकार भरते हुए कहा कि वो समय आ गया है कि भारत की सरकार पीएफआई पर प्रतिबंध लगाने के लिए कदम उठाए। सीमांचल के इलाके में हिंदुओं की संख्या कम होती चली गई। एक वर्ग विशेष की जनसंख्या बढ़ गई। बड़े पैमाने पर वृद्धि हुई है। बच्चा पैदा करने से भी इतनी वृद्धि नहीं होगी। ये लोग कहां से आए, ये चौंकाने वाली बात है। सामान्य तरीके से आबादी बढ़ती है तो हम उसका विरोध नहीं करते हैं। हम जांच कराने की मांग कर रहे हैं।

  • 12:48 PM, 23 Sep 2022

    खूब दहाड़े नीरज कुमार बबलू

    बिहार के पूर्व मंत्री सह सहरसा से बीजेपी विधायक नीरज कुमार बबलू ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि ये नीतीश कुमार नहीं, कुर्सी कुमार हैं।सहरसा-कटिहार और पूर्णिया में विकास नहीं हुआ है। नीतीश कुमार ने जनता के साथ धोखा किया है। ऐसा कोई सगा नहीं-जिसको इन्होंने ठगा नहीं। जनता खुद कह रही है कि इन्होंने जनता को धोखा दिया है।

  • 12:45 PM, 23 Sep 2022

    भीड़ से पटा सभा स्‍थल

    भीड़ से पटा सभा स्‍थल

    केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की सभा को लेकर पूर्णिया का इंदिरा गांधी स्टेडियम भीड से पटा गया है। लोगों के पहुंचने का सिलसिला जारी। भीड़ को नियंत्रित करने में पुलिस को काफी परेशानी हो रही है।

  • 12:45 PM, 23 Sep 2022

    40 सीटों पर लहराएंगे जीत का परचम- शाहनवाज हुसैन

    बीजेपी के राष्ट्रीय प्रवक्ता और बिहार के पूर्व मंत्री शाहनवाज हुसैन ने मंच से जनता को संबोधित करते हुए कहा कि हम बिहार में लोकसभा चुनाव 2024 में सभी 40 सीटों में जीत का परचम लहराएंगे। उन्होंने कहा कि हम सबको लेकर चलेंगे, जो इस मुल्क को प्यार करेगा-हम उससे प्यार करेंगे। हमने किशनगंज में भी जीत हासिल की है। बिहार की तस्वीर-तकदीर को बनाना है।

  • 12:41 PM, 23 Sep 2022

    रंगभूमि मैदान से गूंजा- खेला होबे

    मंच को संबोधित करते हुए बीजेपी के नेशनल सिक्रेटरी ने कहा कि ये पूर्णिया का रंगभूमि मैदान है। यहां अमित शाह का आगमन रंग लाएगा। बिहार की जनता से पूछना चाहूंगा कि 25 सालों से बिहार में MY (मुस्लिम-यादव) वोट बैंक की राजनीति हुई है। इनके लिए MY माई रहा, परिवाद का ड्रामा चल रहा है। इस चैप्टर को समाप्त करना होगा।

  • 12:35 PM, 23 Sep 2022

    चंद मिनट पर सभा स्‍थल पर पहुंच जाएंगे अमित शाह

    पूर्णिया के चूनापुर हवाई अड्डे से गृह मंत्री अमित शाह का काफिला सभा स्थल इंदिरा गांधी स्टेडियम के लिए रवाना हुआ। मंच से लगातार चंद मिनटों में मंच पर पहुंचने की घोषणा की जा रही है। भारत माता की जय के घोष से सभा स्थल लगातार गूंज रहा है।

  • 12:25 PM, 23 Sep 2022

    बोले दिलीप जायसवाल

    भाजपा के बिहार प्रदेश कोषाध्‍यक्ष दिलीप जायसवाल कार्यक्रम का संचालन कर रहे हैं। उन्‍होंने कहा कि सभा में आने वाले लोगों को रोक जा रहा है, यह उचित नहीं है। उन्‍होंने प्रशासन ने कहा कि सत्‍ता के लिए वे काम ना करें, बल्कि उनका जो दायित्‍व है उसे निभाएं। इंदिरा गांधी स्टेडियम पहुंचने वाले लोग जाम में फंसे हैं।

  • 12:21 PM, 23 Sep 2022

    20 मिनट पर सभा स्‍थल पर पहुंचेगे अमित शाह

    कार्यक्रम स्‍थल पर अमित शाह 20 मिनट पर पहुंच जाएंगे। इसकी घोषणा कर दी गई है। कहा गया है कि केंद्रीय गृहमंत्री चूनापुर सैन्य हवाई अड्डा पर लैंड कर चुके हैं। जैसे ही यह घोषणा की गई- भीड़ ने अमित शाह के समर्थन में नारेबाजी की।

  • 12:15 PM, 23 Sep 2022

    बिहार के पूर्व मंत्री रामनारायण मंडल भी पहुंचे

    बांका के भाजपा विधायक बिहार के पूर्व मंंत्री रामनारायण मंडल पूर्णिया पहुंच चुके हैं। उनके नेतृत्‍व में जिले के हजारों कार्यकर्ता वहां पहुंचे। भाजपा जिलाध्‍यक्ष भी उनके साथ हैं।

  • 12:12 PM, 23 Sep 2022

    कटिहार से भी पहुंचे भाजपा कार्यकर्ता

    कटिहार जिले से पूर्वाह्न 10 बजे तक करीब 25 हजार लोग रैली में भाग लेने को रवाना हो गए थे। कटिहार-पू‍र्णिया के बीच परिचालित होने वाली यात्री बस को भी बीजेपी द्वारा रिजर्व किया गया था। अन्य प्रखंडों से भी बड़ी संख्या में कार्यकर्ता व समर्थक रवाना हुए।

  • 12:11 PM, 23 Sep 2022

    बीजेपी एमएलसी दिलीप जायसवाल ने पूर्णिया के एसपी पर लगाया बड़ा आरोप

    बीजेपी के कोषाध्यक्ष एमएलसी दिलीप जायसवाल ने मंच से पूर्णिया के एसपी दयाशंकर पर कानून-व्यवस्था में सहयोग नहीं करने का आरोप लगाया है। कदवा-पूर्णिया रोड पर भीषण जाम में हजारों गाड़ियां फंसी हैं। पूर्णिया के एसपी को कानून-व्यवस्था देखने की नसीहत देते हुए जाम से निजात दिलाने में असफल रहने का आरोप लगाया है।

  • 12:10 PM, 23 Sep 2022

    बीजेपी के कद्दावर नेताओं से भरा मंच, भीड से पटने लगा सभा स्थल

     बीजेपी के कद्दावर नेताओं से भरा मंच, भीड से पटने लगा सभा स्थल

    केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह की जनभावना सभा को लेकर मंच पर प्रदेश के कद्दावर नेताओं का आगमन लगभग हो चुका है। प्रदेश के नेताओं का संबोधन भी जारी है। मंच पर केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह, पूर्व डिप्टी सीएम सुशील कुमार मोदी, रेणु देवी, तारकिशोर प्रसाद, पूर्व केद्रीय मंत्री रविशंकर सिंहा, विधानमंडल के नेता विजय सिंहा आदि भी मौजूद है। इथर सभा स्थल पर लगातार भीड उमड रही है। आम लोगों के लिए बनाए गए पंडाल छोटे पडने लगे हैं। इसको लेकर रह रह कर अव्यवस्था की स्थिति भी उत्पन्न हो रही है। इधर सभा को लेकर शहर के विभिन्न मार्गों पर सुरक्षा व भीड नियंत्रण केउद्देश्य से काफी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई है।

  • 12:07 PM, 23 Sep 2022

    अमित शाह के सीमांचल दौरे पर बीजेपी विरोधी दलों की भी नजरें

    अमित शाह के सीमांचल दौरे पर बीजेपी विरोधी दलों की नजरें भी टिकी हैं। आरजेडी सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव पहले ही अमित शाह की रणनीति को लेकर आगाह कर चुके हैं।

  • 11:59 AM, 23 Sep 2022

    लगातार कर रहे पोस्‍ट

    भाजपा कार्यकर्ता लगातार इंंटरनेट मीडिया पर पोस्‍ट कर रहे हैं। अमित शाह के बारे में नारेबाजी की जा रही है। कार्यक्रम स्‍थल की तस्‍वीर लगातार लोगों को भेज रहे हैं। साथ ही फेसबुक आदि पर पोस्‍ट भी की जा रही है। मंच के साथ सेल्‍फी लेने वालों की होड़ लग गई है।

  • 11:53 AM, 23 Sep 2022

    कुछ ही देर में पहुंचेंगे अमित शाह

    केंद्रीय गृह मंंत्री अमि‍त शाह कुछ ही देर में पूर्णिया पहुंच जाएंगे। सभा के दौरान लगातार इसकी सूचना दी जा रही है। मंच में भाजपा के कई बड़े नेता मौजूद हैं। उनका भाषण चल रहा है।

  • 11:47 AM, 23 Sep 2022

    भगवामय हुआ पूर्णिया का पूरा इलाका

    भागलपुर, बांका व नवगछिया से काफी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता व आम लोग हिस्सा लेने पहुंचे हैं। बिहार में महागठबंधन (राजद, जदयू व कांग्रेस) की सरकार बनने के बाद पहली बार भाजपा की बड़ी सभा हो रही है। केंद्रीय मंत्री अमित शाह जल्‍द ही पहुंचने वाले हैं। आज पूरी तरह यह क्षेत्र भगवामय हो गया है।

  • 11:36 AM, 23 Sep 2022

    रैली में पहुंचे गिरिराज सिंह सहित कई बड़े नेता

    रैली में कई बड़े नेता पहुंच चुके हैं। केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह, पूर्व मंत्री गोपाल पांडेय, रविशंकर प्रसाद, राधामोहन सिंह, पूर्व उपमुख्यमंत्री सुशील मोदी व रेणु देवी, नंदकिशोर यादव, प्रेम कुमार, गोपाल नारायण सिंह, नेता प्रतिपक्ष विजय सिन्हा सहित कई सांसद, विधायक व नेता मंच पर आ चुके हैं।

  • 11:34 AM, 23 Sep 2022

    भागलपुर से रवाना हुए भाजपा कार्यकर्ता

    पूर्णिया के रंगभूमि मैदान में केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह के कार्यक्रम में जाने के लिए भाजपा के प्रदेश कार्यसमिति सदस्य पवन मिश्रा प्रखंड के शक्ति केंद्रों से सैकड़ों कार्यकर्ताओं के साथ रैली में हिस्सा लेने पहुंचे। पवन मिश्रा ने बताया कि प्रत्येक शक्ति केंद्र पर वाहन की व्यवस्था की गई, जिसे सुबह झंडी दिखाकर रैली के लिए रवाना किया गया।

  • 11:28 AM, 23 Sep 2022

    अमित शाह के आगमन में अब एक घंटे से कम का वक्‍त

    अमित शाह के आगमन में अब एक घंटे से कम का वक्‍त बचा है। रैली स्‍थल पर भीड़ जुट चुकी है। शाह 12.10 बजे चूनापुर एयरपोर्ट पर पहुंचकर वहां से सीधे रैली स्‍थल पर पहुंचेंगे।

  • 11:07 AM, 23 Sep 2022

    सभा स्‍थल पर उमड़ी भीड़

    सभा स्‍थल पर उमड़ी भीड़

    गृहमंत्री अमित शाह को सुनने और देखने के लिए इंदिरा गांधी स्टेडियम में लोगों की भीड़ जुटने लगी है। गृहमंत्री की सभा को लेकर तैयार मंच की जांच भी पूरी कर ली गई है।

  • 10:51 AM, 23 Sep 2022

    चूनापुर सैन्य हवाई अड्डा के पास पहुंचे भाजपा कार्यकर्ता

    केंद्रीय गृह मंंत्री अमित शाह पूर्णिया के चूनापुर सैन्य हवाई अड्डा पर उतरेंगे। इसके बाद सड़क मार्ग से सभा स्‍थल इंदिरा गांधी स्टेडियम पहुंचेंगे। इस कारण काफी संख्‍या में भाजपा कार्यकर्ता हवाई अड्डा के आसपास मौजूद हैं। हालांकि सुरक्षा के कारण हवाई अड्डा में प्रवेश की किन्‍हीं को अनुमति नहीं है। अमित शाह जिस भी मार्ग से जाएंगे, उस मार्ग पर भाजपा कार्यकर्ता दोनों ओर खड़े हैं। इन लोगों के हाथ में फूल व माला है।

  • 10:30 AM, 23 Sep 2022

    जगह-जगह पुलिस तैनात

    पूर्णिया में गृह मंत्री अमित शाह के आगमन को लेकर सुरक्षा की चाक-चौबंद व्यवस्था की गई है। गिरजा चौक पर तैनात पुलिस के जवान।

  • 10:02 AM, 23 Sep 2022

    अमित शाह की रैली को लेकर बीजेपी में उत्‍साह

    अमित शाह की सभा में पहुंचे बीजेपी कार्यकर्ताओं में काफी उत्‍साह देखने को मिल रहा है।  लोग जमकर अभी से नारेबाजी कर रहे हैं। सभा स्‍थल पर पूरी तैयारी कर ली गई है। शहर भगवामय हो गया है। अमित शाह और नरेंद्र मोदी के पक्ष में नारेबाजी हो रही है।

  • 09:34 AM, 23 Sep 2022

    सभी जिलों से पहुंचने लगे बीजेपी नेता-कार्यकर्ता

    केंद्रीय गृह अमित शाह के कार्यक्रम में बिहार के सभी जिलों से कार्यकर्ता पूर्णिया पहुंचने लगे हैं। काफी संख्‍या में कार्यकर्ता कल ही आ गए थे। भागलपुर के बीजेपी जिलाध्‍यक्ष रोहित पांडेय के नेतृत्‍व में एक हजार से ज्‍यादा कार्यकर्ता यहां से रवाना हुए। इसकी तैयारी यहां पिछले कई दिनों से की जा रही थी। बीजेपी के भागलपुर जिला कार्यालय में सभी एक साथ जुटे और वहीं से पूर्णिया के रवाना हुए।

  • 09:20 AM, 23 Sep 2022

    पूर्णिया में सभा स्‍थल पर आठ गेट बनाए गए

    पूर्णिया में सभा स्थल पर प्रवेश के लिए आठ गेट हैं। गेट नंबर एक से केंद्रीय गृह मंत्री का प्रवेश सभा स्थल पर होगा। गेट नंबर दो से मीडियाकर्मियों के साथ-साथ वीआइपी प्रवेश करेंगे। इसी तरह अन्य गेटों से अलग-अलग लोगों के प्रवेश की व्यवस्‍था की जा रही है। हर गेट पर सभी को जांच से गुजरना होगा।

  • 09:07 AM, 23 Sep 2022

    गृहमंत्री के आगमन को ले स्वास्थ्य विभाग अलर्ट

    पूर्णिया व किशनगंज में स्वास्थ्य विभाग पूरी तरह से अलर्ट है। चिकित्सकीय दल एंबुलेंस के साथ विभिन्न जगहों पर तैनात हैं। राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय एवं अस्पताल में स्वास्थ्य व्यवस्था की तैयारी को परखने के लिए माक ड्रिल किया गया। चूनापुर हवाई अड्डा से मेडिकल कालेज अस्पताल तक गाड़ियों का काफिला पहुंचा, वहां व्यवस्था की तैयारी को परखा गया। जीएमसीएच अधीक्षक डा. वरुण कुमार ठाकुर ने बताया कि अस्पताल में ओटी और आईसीयू को तैयार रखा गया है।

  • 08:56 AM, 23 Sep 2022

    12.10 बजे सैन्य हवाई अड्डा चूनापुर पहुंचेंगे केंद्रीय गृह मंत्री

    अमित शाह 12.10 बजे विशेष विभान से पूर्णिया के चूनापुर सैन्य हवाई अड्डा पर उतरेंगे। सड़क मार्ग से इंदिरा गांधी स्टेडियम पहुंचेंगे। 12.30 बजे वे जनभावना रैली को संबोधित करेंगे। इस दौरान वे करीब डेढ़ घंटे मंच पर रुकेंगे। उसके बाद पुन: चूनापुर हवाई अड्डा के लिए प्रस्थान कर जाएंगे।

  • 08:25 AM, 23 Sep 2022

    गृह मंत्री के किशनगंज आगमन को लेकर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम

    गृह मंत्री का पूर्णिया में 23 सितंबर को जनसभा के बाद किशनगंज खगड़ा स्थित हवाई अड्डा पर आगमन होगा। इसके बाद वहां से माता गुजरी यूनिवर्सिटी पहुंचेंगे। वहां कुछ देर आराम करेंगे। इसके बाद कार्यकर्ताओं और अधिकारियों के साथ बैठक करेंगे। 24 सितंबर को लाइनपाड़ा स्थित बूढ़ी काली मंदिर में पूजा-अर्चना करने जाएंगे। भारत नेपाल सीमा स्थित टेढ़ागाछ प्रखंड के फतेहपुर एसएसबी कैंप पहुंचेंगे। गृह मंत्री के कार्यक्रम को लेकर खगड़ा स्थित हवाई अड्डा पर सभी तैयारी के साथ सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं।

  • 08:17 AM, 23 Sep 2022

    आज दोपहर पूर्णिया आ रहे अमित शाह, बीजेपी की रैली को करेंगे संबोधित

    अमित शाह आज दोपहर पूर्णिया पहुंच रहे हैं। पूर्णिया में वे बीजेपी की रैली को संबोधित करेंगे। इसके बाद किशनगंज चले जाएंगे। अमित शाह शनिवार को वापस पूर्णिया आकर शाम में दिल्‍ली रवाना हो जाएंगे।