पटना

पूर्व विधायक महेश्वर सिंह हुए आरजेडी में शामिल, तेजस्वी ने दिलाई पार्टी की सदस्यता


पटना। केसरिया के पूर्व विधायक व जेडीयू नेता महेश्वर सिंह ने आज शनिवार को आरजेडी का दामन थाम लिया। पटना में राबड़ी देवी के आवास पर आयोजित मिलन समारोह में उन्होंने आरजेडी की प्राथमिक सदस्यता ली। पूर्व विधायक महेश्वर सिंह को नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने पार्टी की सदस्यता दिलाई है।

सदस्यता दिलाने के बाद नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने मीडिया से बातचीत की। तेजस्वी यादव ने कहा कि महेश्वर सिंह काफी अनुभवी नेता है। वे सदन के सदस्य रह चुके हैं। आरजेडी की सदस्यता ग्रहण करने के बाद मैं उन्हें दिल से धन्यवाद देता हूं।

वहीं, दिल्ली से बिहार लौटने के बाद नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव लगातार सरकार गिराने की बात कह रहे हैं। पार्टी कार्यालय में पत्रकारों से बातचीत में तेजस्वी ने कहा कि बिहार की सरकार गिरी हुई सरकार है। इस सरकार का गिरना तय है। तेजस्वी ने कहा कि लोगों को थोड़ा धैर्य रखना होगा। बिहार की जनता भी जानती है कि इस सरकार का गिरना तय है।