Latest News उत्तर प्रदेश लखनऊ

प्रियंका गांधी का बीजेपी पर हमला, बोलीं- असम में दो सीएम चला रहे सरकार


नई दिल्लीः पांचों राज्यों में विधानसभा चुनाव का सुरूर इन दिनों लोगों के सिर चढ़कर बोल रहा है। सभी राजनीतिक दल चुनाव जीतने के लिए एड़ी से चोटी तक जोर लगा रहे हैं, लेकिन ऊंट किस करवट बैठेगा यह तो 2 मई को ही तस्वीर साफ हो सकेगी। असम में चुनावी जनसभा को संबोधित करने पहुंची कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी ने रविवार को बीजेपी सरकार पर जमकर निशाना साधा।

प्रियंका गांधी ने कहा कि हमेशा बीजेपी का प्रयास ध्रुवीकरण की राजनीति का रहा है। हमारा प्रयास असम का विकास करने का है। असमिया लोगों की जरूरतों को लेकर बात करने और यहां की संस्कृति, पहचान को संरक्षित और मजबूत करने का है।

प्रियंका गांधी ने जोरहाट की रैली में कहा- वे कहते हैं कि 22 साल की बच्ची ने ट्वीट किया और कांग्रेस ने टूलकिट का समर्थन किया, जिसने भारत की चाय पर हमला किया। उन्होंने पीएम के बयान को छोटा बताते हुए कहा कि सरकार ने 22 साल की लड़की को कुछ ट्वीट करने के लिए गिरफ्तार किया, लेकिन पीएम कहां थे? जब असम में हर साल बाढ़ की वजह से विरोध प्रदर्शन होते थे, पत्थरबाजी होती थी।

आगे उन्होंने कहा कि क्या पीएम कभी चाय के बागान में गए हैं? बीजेपी ने क्या किया है? उन्होंने (बीजेपी) चाय श्रमिकों के वेतन में वृद्धि भी नहीं की। प्रियंका गांधी ने कहा कि शुरू में वे कहते थे कि हम सीएए नहीं चाहते, अब वे कह रहे हैं कि सीएए लागू करेंगे।