Latest News उत्तर प्रदेश लखनऊ

प्रियंका गांधी ने पूछा -‘आखिर सरकार को क्या परेशानी है खाली पड़े पद भरने में?’


  • लखनऊ, : बेरोजगारी के मुद्दे पर कांग्रेस महासचिव व उत्तर प्रदेश प्रभारी प्रियंका गांधी ने प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार को घेरने की कोशिश की है। प्रियंका गांधी ने प्रदेश की योगी सरकार से सवाल करते हुए पूछा, ‘आखिर सरकार को क्या परेशानी है खाली पड़े पद भरने में?’। इस दौरान प्रियंका गांधी ने सोशल मीडिया साइट फेसबुक पर एक वीडियो भी शेयर किया है। इतना ही नहीं, प्रियंका गांधी ने कहा हजारों युवा अपनी भर्तियों की गुहार लेकर राजधानी लखनऊ आते हैं, लेकिन उनकी बात नहीं सुनी जाती।

क्या परेशानी है खाली पड़े पद भरने में: प्रियंका गांधी

कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने प्रयागराज जिले में एक प्रतियोगी छात्र विकास कुमार सिंह (30) द्वारा फांसी लगाकर आत्महत्या किए जाने की घटना को दुखद बताया। प्रियंका गांधी ने फेसबुक पर लिखा, ‘आज सुबह प्रयागराज से एक युवा द्वारा आत्महत्या कर लेने की दुखद खबर मिली। खबरों के अनुसार वो नौकरी न लगने के चलते परेशान था। पहले भी ऐसी कई घटनाएं सामने आईं हैं। उप्र में बेरोजगारी चरम पर है। हजारों युवा अपनी भर्तियों की गुहार लेकर राजधानी लखनऊ आते हैं, लेकिन उनकी बात नहीं सुनी जाती। उन्हें गालियां दी जाती हैं और मुकदमे लगाकर अंदर करने की धमकी दी जाती है। आखिर सरकार को क्या परेशानी है खाली पड़े पद भरने में?’