रांची

बरियातू मां-बेटी खुदकुशी मामलारू पुलिस ने पति को किया गिरफ्तार


बरियातू मां-बेटी खुदकुशी मामलारू पुलिस ने पति को किया गिरफ्तार
रांची। रांची के बरियातू थाना क्षेत्र के रविंद्र नगर में मां-बेटी के खुदकुशी मामले में पुलिस ने महिला के पति हलधर महतो को गिरफ्तार किया है। परिजनों ने गुरुवार को महिला के पति पर हत्या का आरोप लगाते हुए प्राथमिकी दर्ज करवाई है। उल्लेखनीय है कि बुधवार की शाम रीता देवी और उनकी डेढ़ साल की मासूम बच्ची का शव फंदे से लटका हुआ मिला था। मामले में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने रीता देवी के पति हलधर महतो को गिरफ्तार कर लिया है। बरियातू थाने में मृतका रीता देवी की मां मंदोदरी देवी ने दर्ज प्राथमिकी में कहा है कि उनकी बेटी की शादी 2019 में हलधर महतो से हुई थी। शादी के बाद से ही हलधर महतो अपने पिता, चाचा और चाची के बहकावे में आकर दहेज की मांग करने लगा। हलदर के हमेशा पैसा, टीवी और कूलर की मांग करता था। उसकी शादी में छोटा टीवी दिया गया था, जिसे नहीं लेकर बड़े टीवी की मांग करने लगा। जिसके बाद उसे इस धनतेरस में टीवी देने का वादा भी किया गया था। दहेज के पैसा नहीं दिए जाने पर लगातार उनकी बेटी के साथ मारपीट किया जाता था। बीते मार्च में भी उनकी बेटी के साथ मारपीट करने पर बेटी ने फोन पर जानकारी दी थी, जिसके बाद उसे मायके लाया गया था। 15 दिन बाद फिर से हलधर महतो अपने परिजन के साथ आया और प्रताड़ना नहीं करने का वादा करते हुए उनकी बेटी को वापस ले गया। लेकिन फिर से पैसों की मांग की जाने लगी और जून में उन्होंने 30 हजार रुपए लिए थे। प्रताड़ित होने की वजह से उनकी बेटी तंग आ गई थी। रीता की मां ने आरोप लगाया है कि इन्हीं वजहों से उनकी बेटी और नातिन की हत्या की गई और उसे खुदकुशी का रूप दिया गया है। सदर डीएसपी प्रभात रंजन ने बताया कि रीता देवी के मां ने मामले में हत्या का मामला दर्ज करवाया है। मामले में हलधर महतो को गिरफ्तार कर लिया गया है। मामले की जांच जारी है।