पटना

बाढ़ भी जिला बनेगा : नीतीश


पुराने मित्रों से मिल नीतीश हुए प्रफुल्लित

पटना (आससे)। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार रविवार को बाढ़ विधानसभा क्षेत्र का दौरा किया जहां पुराने मित्रों से मिलकर प्रफुलित हुए। मुख्यमंत्री ने पुराने बाढ़ लोकसभा क्षेत्र के बेलछी, बाढ़ एवं अथमलगोला सहित कई इलाकों में संघर्ष के दिनों के साथियों से मुलाकात की और पुराने दिनों को याद किया। मुख्यमंत्री बेलछी प्रखंड के बाढ़ एवं अथमलगोला प्रखंड के सबनीमा में अपने पुराने साथियों से मुलाकात की और उनका हालचाल जाना।

मुख्यमंत्री ने अपने पुराने सहयोगियों एवं साथियों से कहा कि बाढ़ से मेरा पुराना लगावा है। सबसे पहले हम यहीं से सांसद बने थे। जब हम विधायक थे तब भी यहां आते रहते थे और यहां की समस्याओं को लेकर आवाज उठाते थे। १९८९ से हम यहां काम करते रहे हैं। यहां पर सब कुछ हुआ है। यहां के लोगों की इच्छा को पूरा करते रहे हैं और आगे भी करेंगे। जिला को लेकर यहां के लोग मांग करते रहे हैं, कुछ दिनों के बाद हमलोग इस सब चीजों के बारे में फैसला लेंगे तो बाढ़ को कैसे छोड़ देंगे। इसको लेकर आप लोगों को सोचने की जरूरत नहीं है। हमको जब भी यहां आने का मौका मिलता है तो आते रहते हैं। बाढ़ के दौरान भी हमलोग हवाई सर्वेक्षण किया था।

पहले जब हम सांसद थे तो हर जगह घुम लेते थे, लेकिन अब मौका नहीं मिल पाता है। बहुत दिनां से मेरे मन में था कि अपने पुराने क्षेत्र में एक बार फिर जायें और उसी सिलसिले में आपलोगों से मिलने आये हैं। कल मोकामा के इलाके में घूमकर काफी अच्छा लगा था। इसी तरह आज बाढ़ के इलाके में घूमकर मंझे काफी अच्छा लग रहा है। यहां के लोगों ने मुझे जो स्नेह दिया है और मुझे कहां से कहां तक पहुंचाया, उसे हम कभी भूल नहीं सकते हैं। जब तक मेरा जीवन है तब तक हम इसे नहीं भूल सकते हैं। यहां के लिए हम सब कुछ करते रहते हैं। यहां आते रहते हैं, आगे भी आते रहेंगे।

भ्रमण के दौरान मुख्यमंत्री ने सकसोहरा, लछुचक, एकडंगा, बेढऩा, पश्चिम बेढना, स्टेशन रोड बाढ़, दहौर, अंचुआरा, रुपस, छेदी सिंह टोला, अथमलगोला, बुढऱा अथमलीगोला, तिनपाई टोला अथमलगोला, अथमलगोला बाजार सहित कई जगहों पर रूककर अपने पुराने साथियों एवं कार्यकर्ताओं से मुलाकात की। जगह-जगह पर लोगों ने मुख्यमंत्री का फूल-मालाओं, पुष्प वर्षा एवं जयकारे से स्वागत किया। मुख्यमंत्री ने रूकरूक कर लोगों का अभिवादन किया। भ्रमण के दौरान जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह एवं जल संसाधन मंत्री संजय कुमार झा समेत कई अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।