पटना

बाढ़-सुखाड़ से निबटने की पूरी तैयारी रखें : नीतीश


      • कोरोना संक्रमण से बचाव हमारी प्राथमिकता
      • कटाव निरोधक कार्य जल्द पूरा हो
      • मुख्यमंत्री ने की बाढ़-सुखाड़ पूर्व तैयारियों की समीक्षा

पटना (आससे)। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की अध्यक्षता में १,अणे मार्ग स्थित संकल्प में संभावित बाढ़ एवं सुखाड़ की पूर्व तैयारियों की वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से समीक्षा बैठक हुई। बैठक के दौरान जानकारी दी गयी कि भारतीय मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार इस वर्ष मानसून अवधि में सामान्य वर्षा की संभावना है।

बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि कोरोना संक्रमण का अभी दौर चल रहा है इससे लोगों का बचाव हमारी प्राथमिकता है। पूरा प्रशासन इसके लिए तत्परता से काम कर रहा है। इस विषम परिस्थिति में सबको मिल-जुलकर काम करना है। उन्होंने कहा कि बिहार में कभी बाढ़, कभी सुखाड़ की स्थिति बनी रहती है। हर वर्ष की तरह इस बार भी बाढ़ एवं सुखाड़ की संभावना को देखते हुए पूरी तैयारी रखें।

बाढ़ की स्थिति में प्रभावित क्षेत्रों का टीम बनाकर सही आकलन करवाएं। साथ ही प्रभावित लोगों की सूची बनाते समय पूरी पारदर्शिता बरती जाए ताकि कोई भी पीडि़त लाभ से वंचित न रहे। बाढ़ राहत कार्यों में जिन-जिन पदाधिकारियों, कर्मचारियों एवं जीविका दीदियों का सहयोग लिया जाएगा उनका टीकाकरण अवश्य करवा लें।

मुख्यमंत्री ने कहा कि बाढ़ से सुरक्षा के लिए बचे हुए सभी कटाव निरोधक कार्य एवं बाढ़ सुरक्षात्मक कार्य को जल्द पूरा करें। बाढ़ की स्थिति में तटबंधों के निगरानी के लिए विशेष सतर्कता बरती जाय। इसके लिए गश्ती कार्य नियमित रूप से हो। उन्होंने कहा कि सभी विधायकों एवं विधान पार्षदों से उनके क्षेत्रों के संबंध में भी जल्द से जल्द सुझाव लें और उस पर अमल करें।

पथ निर्माण एवं ग्रामीण कार्य विभाग बाढ़ के दौरान क्षतिग्रस्त होनेवाली सड़कों की मरम्मति की पूर्ण तैयारी रखें। ग्रामीण सड़कें जो पहले से क्षतिग्रस्त हैं, उनका भी मरम्मति कार्य जल्द पूर्ण करें। गुणवत्ता पूर्ण सड़कों का निर्माण के साथ-साथ उनको मेनटेन रखना भी उतना ही जरूरत है। मुख्यमंत्री ने कहा कि ३० मई तक पशु चारा का दर एवं आपूर्तिकर्ता, बाढ़ राहत सामग्री आदि के संबंध में पूरी व्यवस्था कर लें। सुखाड़ की स्थिति में पशुओं के लिए जल की उपलब्धता हो, इसकी भी तैयारी रखें।

उन्होंने कहा कि हर घर तक नल का जल के माध्यम से लोगों को पेयजल उपलब्ध कराया जा रहा है। साथ ही अगर कहीं चापाकल की आवश्यकता महसूस होगी तो उसकी भी व्यवस्था करें। उन्होंने कहा कि बाढ़ की संभावना को देखते हुए बाढ़ राहत केन्द्र के लिये जगह को चिह्नित कर पहले से ही सारी तैयारी रखें। संबद्ध विभाग संभावित बाढ़ एवं सुखाड़ को लेकर पूर्ण तैयारी रखें। इसको लेकर जून के पहले सप्ताह में एक बार फिर से समीक्षा की जाएगी।

बैठक में मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव दीपक कुमार, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव चंचल कुमार उपस्थित थे, जबकि वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से उपमुख्यमंत्री तारकिशोर प्रसाद, उपमुख्यमंत्री रेणु देवी, ऊर्जा मंत्री बिजेंद्र प्रसाद यादव, शिक्षा मंत्री विजय कुमार चौधरी, स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडेय, जल संसाधन मंत्री संजय कुमार झा, कृषि मंत्री अमरेन्द्र प्रताप सिंह, लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण मंत्री रामप्रीत  पासवान, पशु एवं मत्स्य संसाधन मंत्री मुकेश सहनी, पथ निर्माण मंत्री नितीन नवीन, मुख्यमंत्री के परामर्शी अंजनी कुमार सिंह, बिहार राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के उपाध्यक्ष व्यास जी, बिहार राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकार के सदस्य पीएन राय, बिहार राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के सदस्य उदयकांत मिश्रा, मुख्य सचिव त्रिपुरारी शरण, पुलिस महानिदेशक एस.के.सिंघल, विकास आयुक्त आमिर सुबहानी, अपर मुख्य सचिव पथ अमृत लाल मीणा, अपर मुख्य सचिव शिक्षा संजय कुमार, स्वास्थ्य सह आपदा प्रबंधन विभाग के प्रधान सचिव प्रत्यय अमृत, नगर विकास एवं आवास विभाग के प्रधान सचिव आनंद किशोर, लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग के सचिव जितेन्द्र श्रीवास्तव, कृषि सह पशु एवं मत्स्य संसाधन विभाग के सचिव एन. सरवन कुमार सहित संबद्ध विभाग के अन्य वरीय पदाधिकारीगण, सभी प्रमंडलीय आयुक्त, सभी रेंज के आईजी/डीआईजी, सभी जिलों के जिलाधिकारी, वरीय पुलिस अधीक्षक पुलिस अधीक्षक जुड़े हुए थे।