पटना

जहानाबाद: गरीब तबके के लोगों के लिए जिला प्रशासन ने शुरू की सामुदायिक रसोई


किचेन प्रतिदिन दो वक्त के भोजन का किया गया है इंतेजाम

जहानाबाद। सूबे में जारी लॉकडाउन के कारण गरीब, असहाय व दैनिक मजदूरी करने वाले लोगों के सामने सबसे ज्यादा खाने की समस्या उत्पन्न हो गयी है। ऐसे में जिला प्रशासन ने इनके लिए सामुदायिक रसोई का इंतजाम किया है। इस बाबत जिला पदाधिकारी नवीन कुमार ने जहानाबाद नगर परिषद व मखदुमपुर नगर पंचायत के कार्यपालक पदाधिकारियों के अलावा सभी अंचल अधिकारियों को सामुदायिक रसोई का इंतजाम करने का निर्देश दिया है।

वहीं डीएम के निर्देश पर पुराने नगर परिषद भवन में सामुदायिक रसोई शुरू भी कर दिया गया है। इस रसोई का नगर परिषद के टैक्स दारोगा अशोक कुमार, सिटी मैनेजर अवधा किशोर, अभय कुमार एवं फ़ुटपाथ दुकानदार संघ के अध्यक्ष अरविंद चोपड़ा की उपस्थिति में शुभारंभ किया गया। शुभारंभ के मौके पर वहां पहुंचे जरूरतमंद लोगों को सैकड़ों जरूरतमंद लोगों को खिचड़ी चोखा खिलाया गया। वहीं कई को घर ले जाने के लिए भी खाना पैकेट दिया गया। मखदुमपुर नगर परिषद व अंचलों में भी शीघ्र सामुदायिक रसोई के शुभारंभ की हिदायत दी गई है। इसके लिए संबंधित अधिाकारी जरूरी तैयारियों में जुट गए हैं।

प्रतिदिन दिन व रात में होगी भोजन की व्यवस्था

इस बाबत जिलाधिकारी नवीन कुमार ने बताया कि सामुदायिक रसोई का संचालन लॉकडाउन अवधिा में प्रतिदिन दिन एवं रात में भोजन की व्यवस्था किया जाएगा। सामुदायिक रसोई में संबंधित अधिकारियों द्वारा अलग-अलग जगहों पर भोजन के लिए बैठने की व्यवस्था कराई जाएगी ताकि सामाजिक दूरी का अनुपालन हो सके। उक्त सामुदायिक रसोई में आने वाले व्यक्ति का नाम एवं पता पंजी मे संधारण किया जाएगा, जिसका व्यय संबंधित लेखा के संधारण प्रतिवेदन के किया जाएगा, ताकि हुए व्यय के भुगतान मे कठिनाई न हो।

उन्होंने बताया कि सामुदायिक रसोई का साफ़-सफ़ाई समुचित रूप से होगी तथा भोजन वाले स्थान पर गंदगी नहीं हो, यह संबंधित अधिकारियों की जबाबदेही होगी। सामुदायिक रसोई में जलापूर्ति लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग द्वारा कराया जाएगा। साथ ही सामुदायिक रसोई में पकने वाले सब्जी एवं अनाज पकने से पहले अच्छे से साफ़ करना अनिवार्य होगा। इधर सदर अंचल अधिकारी संजय कुमार अंबष्ट के नेतृत्व में स्थानीय बस अड्डा परिसर में सामुदायिक रसोई शूरू कर दी गई जहां सैकड़ों लोगों को भोजन कराया गया।