पटना

अपराध नियंत्रण पर लापरवाही बरदाश्त नहीं : मुख्यमंत्री


सीएम ने की अपराध नियंत्रण एवं विधि-व्यवस्था की उच्चस्तरीय समीक्षा

(आज समाचार सेवा)

पटना। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने पुलिस पदाधिकारियों को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि गड़बड़ करने वालों पर सख्त कार्रवाइ करें। होली एवं आगामी पर्व त्यौहारों को देखते हुए विशेष सतर्कता बरतें, असामाजिक तत्वों पर कड़ी नजर रखी जाये। मुख्यमंत्री सोमवार को पुलिस अधिकारियों के संग विधि व्यवस्था की उच्चस्तरीय बैठक में समीक्षा कर रहे थे।

उन्होंने अपराध नियंत्रण को लेकर किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जायेगी। इंवेस्टिगेशन के कार्य को बेहतर तरीके से समय पर पूर्ण कराया जाये ताकि अपराधियों को सख्त सजा दिलायी जाये। अपराध अनुसंधान कार्य में किसी प्रकार की कोताही न हो इसका सतत अनुश्रवण करें। उन्होने कहा कि अपराध का विशलेषण जिला, अनुमंडल एवं थानावार करते रहें और दोषियों को चिन्हित कर कड़ी कार्रवाई करें। मुख्यमंत्री ने कहा कि लॉ एंड आर्डर हर हाल में दुरूस्त रहना चाहिए।

बैठक में मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव दीपक कुमार, मुख्य सचिव आमिर सुबहानी, डीजीपी एसके सिंघल, अपर मुख्य सचिव गृह चैतन्य प्रसाद एवं मुख्यमंत्री के सचिव अनुपम कुमार मौजूद थे।