पटना

बिहारशरीफ: बिहार दिवस एवं कुंडलपुर महोत्सव की तैयारी को लेकर बैठक


      • 22 से 24 मार्च तक होगा बिहार दिवस पर कार्यक्रम
      • 14 एवं 15 अप्रैल को मनेगा कुंडलपुर महोत्सव

बिहारशरीफ। कोविड को लेकर पिछले दो वर्षों से बिहार दिवस और कुंडलपुर महोत्सव का आयोजन नहीं होता रहा। लेकिन इस वर्ष बिहार दिवस भी मनेगा और कुंडलपुर महोत्सव भी आयोजित होगा। जिलाधिकारी शशांक शुभंकर की अध्यक्षता में हरदेव भवन सभागार में दोनों हीं आयोजनों की सफलता के लिए बैठक हुई।

बैठक में यह निर्णय लिया गया कि 22 मार्च की सुबह प्रभात फेरी निकाली जायेगी। जल जीवन हरियाली की थीम पर विद्यालय स्तर पर चित्रांकन, भाषण जैसी प्रतियोगिताएं करायी जायेगी और विजयी प्रतिभागियों को राज्यस्तरीय प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए पटना भेजा जायेगा। 22 से 24 मार्च तक नुक्कड़ नाटक के माध्यम से विभिन्न विषयों पर कार्यक्रम का आयोजन किया जायेगा।

श्रम कल्याण केंद्र मैदान में इस अवसर पर विकास मेला सह प्रदर्शनी लगाया जायेगा, जिसमें विभिन्न विभागों के स्टॉल होंगे और मुख्य मंच पर सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन होगा। जिले में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले पदाधिकारियों एवं कर्मियों को सम्मानित किया जायेगा।

दो दिवसीय कुंडलपुर महोत्सव का आयोजन होगा। 14 एवं 15 अप्रैल को यह महोत्सव आयोजित होगी। इसके लिए 14 मार्च को कुंडलपुर दिगंबर जैन समिति द्वारा शोभा यात्रा निकाली जायेगी। उसी दिन मुख्य मंदिर में भगवान महावीर की प्रतिमा का पंचामृत अभिषेक किया जायेगा। स्थानीय विद्यालय के बच्चों के बीच रंगोली, चित्रकला और मेहंदी प्रतियोगिता आयोजित करायी जायेगी। इसकी जिम्मेवारी जिला शिक्षा पदाधिकारी की होगी। 14 एवं 15 अप्रैल की संध्या आयोजित होने वाले सांस्कृतिक कार्यक्रम के लिए मार्गदर्शन पर्यटन विभाग से मांगा गया है।

महोत्सव के आयोजन को लेकर जिला एवं अनुमंडल स्तरीय अनुश्रवण समिति का गठन किया गया। जिला अनुश्रवण समिति में डीडीसी, अपर समाहर्ता, जिला लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी, डीआरडीए के निदेशक, स्थापना उप समाहर्ता, डीटीओ, सहायक निदेशक सामाजिक सुरक्षा, जिला शिक्षा पदाधिकारी, डीपीआरओ को शामिल किया गया है जबकि अनुमंडल अनुश्रवण समिति में एसडीओ राजगीर, एलआरडीसी राजगीर, बीडीओ और सीओ सिलाव शामिल किये गये है। अन्य कार्यों के लिए नोडल पदाधिकारी भी मनोनीत किये गये।

बैठक में पुलिस अधीक्षक अशोक मिश्रा, डीडीसी वैभव श्रीवास्तव, अपर समाहर्ता नौशाद अहमद, नगर आयुक्त तरणजोत सिंह, एसडीओ बिहारशरीफ कुमार अनुराग, एसडीओ राजगीर अनीता सिन्हा के अलावे जिला, अनुमंडल एवं प्रखंड स्तरीय पदाधिकारी के साथ हीं नंद्यावर्त महल कुंडलपुर के मंत्री विजय कुमार जैन आदि लोग उपस्थित थे।