पटना

बिहारशरीफ: कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच चंडी में 62.15 तो नूरसराय में 60.80 फीसदी मतदान


      • दोनों ही प्रखंडों के किसी भी मतदान केंद्र पर नहीं हुई कोई अप्रिय वारदात
      • सुरक्षा की चाक-चौबंद व्यवस्था के बीच डीएम और एसपी खुद दिखे मॉनिटरिंग करते

बिहारशरीफ (नालंदा)। जिले में सातवें चरण में आज चंडी एवं नूरसराय प्रखंड में शांतिपूर्ण मतदान हुआ। चुनाव को लेकर सुरक्षा की चाक-चौबंद व्यवस्था की गयी थी। सुबह सात बजे से शाम पांच बजे तक मतदान हुआ। चंडी तथा नूरसराय के किसी भी मतदान केंद्र पर कोई अप्रिय वारदात की खबर नहीं है। पीठासीन पदाधिकारी के डायरी में भी कोई अनियमितता का उल्लेख नहीं मिला है। इससे स्पष्ट है कि दोनों हीं प्रखंडों में कहीं पुर्नमतदान की संभावना नहीं है।

चंडी प्रखंड में 62.15 फीसदी मतदान हुआ, जिसमें 60.37 फीसदी पुरुष तथा 63.93 महिला मतदाताओं ने मतदान किया। यानी कि चंडी में मतदान करने में पुरुषों से आगे महिलाएं रही। 183 बूथों पर मतदान हुआ, जिसमें 180 बूथों पर बायोमिट्रिक व्यवस्था से मतदाताओं की पहचान की गयी।

नूरसराय प्रखंड के 238 बूथों पर मतदान हुआ, जिसमें 237 बूथों पर बायोमिट्रिक से वोटरों की पहचान की जा रही थी। इस प्रखंड में 60.80 फीसदी मतदान की खबर है। चंडी की तरह नूरसराय में भी वोट देने में महिला मतदाता आगे निकली। इस प्रखंड में 59.72 फीसदी पुरुष मतदाताओं ने मतदान किया, जबकि 61.87 फीसदी महिला मतदाताओं ने मतदान में हिस्सा लिया।

चुनाव को लेकर दोनों प्रखंडों में सुरक्षा की चाक-चौबंद व्यवस्था थी। खुद डीएम और एसपी मैदान में डटे थे। चंडी प्रखंड  के 13 पंचायतों के 183 बूथों पर मतदान संपन्न हुआ। यहां मुखिया पद के लिए 76, सरपंच के लिए 79, पंचायत समिति सदस्य के लिए 103, पंच के लिए 305 तथा वार्ड सदस्य के लिए 748 प्रत्याशी चुनाव मैदान में थे।

कुर्सी टेबुल नहीं मिलने पर जमीन पर ही बैठकर मतदान कार्य को संपन्न कराते मतदान कर्मी

इसी प्रकार नूरसराय प्रखंड के 17 पंचायतों में चुनाव संपन्न हुआ। यहां 17 मुखिया और सरपंच, 23 पंचायत समिति सदस्य, 226 वार्ड सदस्य और पंच के लिए होने वाले चुनाव में मुखिया पद के लिए 99, सरपंच के लिए 107, पंच के लिए 310, पंचायत समिति सदस्य के लिए 130 तथा वार्ड सदस्य के लिए 965 प्रत्याशी चुनाव मैदान में डटे थे।