पटना

बिहारशरीफ: हर पंचायत में लगेगा सौ सीसीटीवी कैमरा और गलियों में स्ट्रीय लाइट : सम्राट चौधरी


      • मंत्री ने कहा नीतीश कुमार के नेतृत्व में बापू का ग्राम स्वराज का सपना हो रहा साकार
      • मंत्री ने सुढ़ारी पंचायत के मुखिया रणविजय पटेल को दिया नेशनल अवार्ड

बिहारशरीफ। बिहार सरकार के पंचायती राज मंत्री सम्राट चौधरी हरनौत प्रखंड के सुढ़ारी गांव में आयोजित कार्यक्रम में हिस्सा लिया जहां पंचायत के मुखिया रणविजय कुमार पटेल को अवार्ड दिया। इस अवसर पर विधायक हरिनारायण सिंह ने मुखिया को नेशनल अवार्ड का सर्टिफिकेट भी दिया।

आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री श्री चौधरी ने कहा कि महात्मा गांधी ने पंचायतों को सशक्त बनाने का सपना देखा था। आज मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के अथक प्रयास से वह सपना साकार होता दिखने लगा है। देश को आजादी 1947 में मिली और उसी समय पंचायती राज व्यवस्था कायम की गयी। 1952 से 1978 तक पंचायतों का चुनाव हुआ। बाद में पंचायत का चुनाव नहीं कराया गया। जब नीतीश कुमार मुख्यमंत्री बने तो 2006 से लेकर अब तक लगातार चुनाव कराया जाता रहा है। खास बात यह है कि बिहार में लगभग ढाई लाख पंचायत प्रतिनिधि चुने जाते है, जिसमें 60 प्रतिशत हिस्सेदारी महिलाओं की रही है।

मंत्री ने कहा कि एससी-एसटी और ईबीसी को भी आरक्षण का का लाभ मिल रहा है और पंचायत क्षेत्र के विकास के लिए पंचायतों को पर्याप्त राशि दी जा रही है। यही वजह है कि गांव से शहर की ओर गये लोग अब शहर से गांव की ओर बढ़ने लगे है। हर गांव की सड़कें चकाचक है। गली-नली पक्की हो गयी है, घर में नल का जल पहुंच रहा है। बिजली की रोशनी है। खेत तक पानी पहुंचाया जा रहा है और अब वह दिन दूर नहीं जब शहर के गलियों की भांति गांव की गलियां भी स्ट्रीट लाइट से जगमग करेगी। सरकार पहले फेज में राज्य के गांव में 15 लाख स्ट्रीट लाइट लगाने जा रही है। गांव की गतिविधियों पर नजर रखने के लिए सीसीटीवी कैमरा भी लगाया जा रहा है। एक-एक पंचायत में सौ-सौ कैमरा लगाया जाना है।

मंत्री ने अफशोस जताया कि अब तक इस पंचायत में पंचायत सरकार भवन नहीं है। उन्होंने कहा कि जमीन उपलब्ध नहीं होने के कारण यह काम पूरा नहीं हो सका हैं उन्होंने अधिकारियों से डेढ़ करोड़ की लागत से बनने वाले पंचायत सरकार भवन के लिए 50 डिसमिल जमीन तलाशने का निर्देश दिया।

अपने संबोधन में विधायक हरिनारायण सिंह ने पंचायत के मुखिया की तारीफ करते हुए कहा कि यह पंचायत कई क्षेत्रें में उत्कृष्ट कार्य किया है। इस मौके पर पंचायती राज के निदेशक रंजीत सिंह,  जिला पंचायती राज पदाधिकारी नवीन कुमार पांडेय आदि लोग भी मौजूद थे।                 बताते चले कि पंचायती राज मंत्रलय द्वारा पंचायती राज दिवस पर उत्कृष्ट कार्य करने के लिए हरनौत प्रखंड के सुढ़ारी पंचायत को अवार्ड के लिए चुना था।