Latest News नयी दिल्ली मध्य प्रदेश

भाजपा के कई दागी उम्मीदवारों की छुट्टी, शिवराज के इस स्टैंड पर पार्टी कार्यकर्ता गदगद


सद्गुरु शरण। यह आत्मविश्वास से उपजा नैतिक साहस है। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने दृढ़ता दिखाते हुए नगर निकाय चुनाव में भाजपा के उन कई दागी उम्मीदवारों के टिकट कटवा दिए, जो जोर-जुगाड़ के जरिए टिकट हथियाने में सफल हो गए थे। पार्टी का झंडा-डंडा उठाने में तत्पर रहने वाले समर्पित कार्यकर्ताओं को नजरअंदाज करके धनबली-बाहुबली और आपराधिक पृष्ठभूमि के कई उम्मीदवारों को टिकट मिल जाने से पार्टी में असंतोष और मायूसी थी, पर इसे बड़े नेताओं का फैसला मानकर कार्यकर्ता मुखर नहीं हो रहे थे। इसके बावजूद इस आशय का फीडबैक मिलने पर शिवराज सिंह सख्त हो गए और सार्वजनिक रूप से घोषणा कर दी कि भाजपा एक भी दागी को चुनाव नहीं लड़ाएगी। मुख्यमंत्री का संकेत मिलते ही प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा ने उम्मीदवारों की सारी सूचियों की सफाई कर डाली। जिनकी छुट्टी हुई, उनमें भोपाल और इंदौर नगर निगम चुनाव के भी कुछ उम्मीदवार शामिल थे। शिवराज के इस स्टैंड पर पार्टी कार्यकर्ता गद्गद् हैं।

विधानसभा चुनाव से करीब सवा साल पहले हो रहे निकाय और पंचायत चुनाव भाजपा के लिए किस कदर महत्वपूर्ण हैं, समझा जा सकता है। उत्तर प्रदेश में भी पिछले विधानसभा चुनाव से कुछ महीने पहले इसी तरह पंचायत और निकाय चुनाव हुए थे जिनमें भाजपा की बड़ी सफलता ने विधानसभा चुनाव के लिए मजबूत जमीन तैयार कर दी थी। विधानसभा चुनाव में पार्टी ने सारी अटकलों एवं अनुमानों को गलत साबित करते हुए बड़ी जीत हासिल की थी। मध्य प्रदेश में भी पार्टी यही उदाहरण दोहराना चाहती है, पर शिवराज सिंह इसके लिए कोई शार्टकट नहीं अपनाना चाहते। राजनीतिक समीक्षक दागियों के सवाल पर मुख्यमंत्री के सख्त स्टैंड को उनके उच्च आत्मविश्वास का संकेत मानते हैं।