News TOP STORIES नयी दिल्ली पंजाब राष्ट्रीय

भाजपा नेता तजिंदर पाल सिंह बग्गा की गिरफ्तारी पर दिल्ली से पंजाब तक सियासत गरमाई,


चंडीगढ़। भाजपा नेता तजिंदर पाल सिंह बग्गा की दिल्ली में पंजाब पुलिस द्वारा गिरफ्तारी पर दिल्ली से पंजाब तक सियासत गरमा गई है। पंजाब पुलिस ने शुक्रवार तड़के तजिंदर पाल सिंह बग्गा को उनके दिल्ली स्थित आवास से गिरफ्तार किया। मामले में दिल्ली पुलिस ने पंजाब पुलिस के खिलाफ बग्गा के अपहरण का मामला दर्ज किया है।

बता दें, तजिंदर पाल सिंह बग्गा के खिलाफ आम आदमी पार्टी के प्रमुख व दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल के खिलाफ टिप्पणी करने के मामले में मोहाली में मामला दर्ज है। पंजाब पुलिस इसी मामले में बग्गा को गिरफ्तार कर लाई है। बग्गा को मोहाली कोर्ट में पेश किया जाना है।

 

पंजाब पुलिस बग्गा को दिल्ली से पंजाब लेकर आ रही है, लेकिन हरियाणा के कुरुक्षेत्र में भाजपा नेताओं व हरियाणा पुलिस ने पंजाब पुलिस को रोक दिया है। इसके बाद पंजाब पुलिस के साथ-साथ तजिंदर पाल सिंह बग्‍गा को हरियाणा पुलिस थाने ले गई है। वहां बातचीत जारी है।

बग्गा की गिरफ्तारी के बाद भाजपा नेता सक्रिय हो गए हैं। पंजाब भाजपा नेताओं को गिरफ्तारी को अवैधानिक करार दिया। कहा कि अरविंद केजरीवाल भगवंत मान के माध्यम से पंजाब पुलिस का दुरुपयोग कर रहे हैं।

वहीं, पंजाब पुलिस का कहना है कि शुक्रवार सुबह कानून की उचित प्रक्रिया के तहत ही तजिंदर पाल सिंह बग्गा को नई दिल्ली के जनकपुरी स्थित उनके घर से गिरफ्तार किया गया है। बग्गा को यहां लाया जा रहा है और कोर्ट में पेश किया जाएगा। एसएएस नगर पुलिस की एसआइटी मामले की जांच कर रही है।

पुलिस के मुताबिक बग्गा के खिलाफ 1 मई को पीएस पंजाब स्टेट साइबर क्राइम, एसएएस नगर हिंसा भड़काने, आपराधिक धमकी देने, सोशल मीडिया पर झूठे और सांप्रदायिक भड़काऊ बयान प्रकाशित करने की शिकायत पर प्राथमिकी दर्ज की गई थी।

पुलिस के मुताबिक आरोपित को जांच में शामिल होने और आने के लिए पांच नोटिस दिए गए थे। नोटिस का विधिवत पालन किया गया। इसके बावजूद आरोपित जानबूझकर जांच में शामिल नहीं हुआ। आज सुबह कानून की उचित प्रक्रिया के बाद, तजिंदर पाल सिंह बग्गा को दिल्ली में उसके घर से गिरफ्तार किया गया।

वहीं, कवि कुमार विश्वास ने तजिंदर पाल सिंह बग्गा की गिरफ्तारी के मामले पर आम आदमी पार्टी पर तंज कसा है। उन्होंने पंजाब के सीएम भगवंत मान को सलाह दी है कि वह पंजाब व पुलिस का अपमान न करें।

पंजाब भाजपा अध्यक्ष अश्वनी शर्मा ने कहा कि पंजाब की भगवंत मान सरकार अरविंद केजरीवाल को खुश करने के लिए पुलिस का गलत इस्तेमाल कर रही है। शर्मा ने कहा कि जब मामला दिल्ला का है और बग्गा रहते भी दिल्ली में हैं तो मामला पंजाब में कैसे दर्ज हो सकता है।  शर्मा ने कहा कि पंजाब की मान सरकार दिल्ली के इशारों पर चल रही है।