Latest News उत्तर प्रदेश लखनऊ

‘भारत बंद’ को सपा का पूर्ण समर्थन, अखिलेश बोले- सत्ता में बने रहने का नैतिक अधिकार खो चुकी है BJP


  • लखनऊ,  तीन केंद्रीय कृषि कानूनों के खिलाफ किसानों के आंदोलन का नेतृत्व करने वाले 40 से अधिक किसान संघों के एक संगठन संयुक्त किसान मोर्चा ने सोमवार को भारत बंद का ऐलान किया है। बंद सुबह 6 बजे से शाम 4 बजे तक होगा। किसानों के भारत बंद का विपक्षी दलों के साथ-साथ भाजपा के ही कुछ नेताओं ने समर्थन किया है। समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष और यूपी के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने भी भारत बंद के पूर्ण समर्थन की बात कही है। साथ ही, बीजेपी सरकार पर निशाना साधा है।

‘किसान आंदोलन भाजपा के अंदर टूटन का कारण बनने लगा है’

अखिलेश यादव ने सोमवार को ट्वीट किया, संयुक्त किसान मोर्चा के ‘भारत बंद’ को पूर्ण समर्थन है। संयुक्त किसान मोर्चा के ‘भारत बंद’ को सपा का पूर्ण समर्थन है। देश के अन्नदाता का मान न करनेवाली दंभी भाजपा सत्ता में बने रहने का नैतिक अधिकार खो चुकी है। किसान आंदोलन भाजपा के अंदर टूटन का कारण बनने लगा है। बता दें, तीन केंद्रीय कृषि कानूनों के खिलाफ संयुक्त किसान मोर्चा ने सोमवार को भारत बंद का ऐलान किया है। संयुक्त किसान मोर्चा का कहना है कि किसानों के इस ऐतिहासिक संघर्ष के 10 महीने पूरे होने पर केंद्र सरकार के खिलाफ सोमवार यानी 27 सितंबर को ‘भारत बंद’ का आह्वान किया गया है। बंद सुबह 6 बजे से शाम 4 बजे तक होगा। मोर्चा के मुताबिक, किसानों के भारत बंद के दौरान पूरे देश में सभी सरकारी और निजी कार्यालय, शैक्षणिक और अन्य संस्थान, दुकानें, उद्योग और वाणिज्यिक प्रतिष्ठान के साथ-साथ सार्वजनिक कार्यक्रम और अन्य कार्यक्रम बंद रहेंगे। हालांकि, अस्पताल, मेडिकल स्टोर, राहत और बचाव कार्य सहित सभी आपातकालीन प्रतिष्ठानों और आवश्यक सेवाओं व व्यक्तिगत आपात स्थितियों में भाग लेने वाले लोगों को छूट दी जाएगी।