News TOP STORIES नयी दिल्ली राष्ट्रीय

भारत बायोटेक के एमडी कृष्णा मूर्ति और सुचित्रा एला पद्म भूषण से सम्मानित,


नई दिल्ली, । भारत बायोटेक के कोवैक्सिन निर्माता के एमडी डाक्टर कृष्णा मूर्ति एला और सुचित्रा कृष्णा एला को पद्म भूषण पुरस्कार से सम्मानित किया गया है। सोमवार को राष्ट्रपति राम नाथ कोविन्द ने उन्हें पद्म भूषण से सम्मानित किया। भारत बायोटेक और सीरम इंस्टीट्यूट आफ इंडिया दोनों ने देश को कोरोना वैक्सीन उत्पादन में आत्मनिर्भर बनने की ओर अग्रसर किया है। कोवैक्सिन भारत की पहली स्वदेशी कोरोना वैक्सीन है। डाक्टर कृष्णा मूर्ति को पुरस्कृत करने के साथ ही राष्ट्रपति राम नाथ कोविन्द ने ओलंपिक स्वर्ण विजेत नीरज चोपड़ा और गायक सोनू निगम को भी पद्मश्री पुरस्कार से सम्मानित किया है।

1969 में तमिलनाडु के एक तेलुगु भाषी किसान परिवार में जन्मे डाक्टर कृष्णा एला ने अपने कृषि विभाग के हिस्से के रूप में फार्मास्युटिकल और लाइफ साइंसेज कंपनी बायर से जुड़कर अपने करियर की शुरुआत की थी। बाद में वे उच्च अध्ययन करने के लिए अमेरिका चले गए और 1996 में हैदराबाद में एक छोटी प्रयोगशाला स्थापित करने के लिए लौट आए। इस दौरान उन्होंने इसका नाम उन्होंने भारत बायोटेक रखा।

वर्तमान में वह भारत बायोटेक इंटरनेशनल लिमिटेड के अध्यक्ष और प्रबंध निदेशक हैं। आणविक जीव विज्ञान में एक शोध वैज्ञानिक डाक्टर कृष्णा एला का दृढ़ विश्वास है कि टीके के विकास में नवीन तकनीक संक्रामक रोगों के कारण होने वाली सार्वजनिक स्वास्थ्य समस्याओं को हल करने के लिए आवश्यक है।

मरणोपरांत पद्म विभूषण से सम्मानित किए गए कल्याण सिंह

पूर्व भाजपा नेता स्वर्गीय कल्याण सिंह को पद्म विभूषण पुरस्कार (मरणोपरांत) दिया गया है। राष्ट्रपति भवन में हुए आज के समारोह में उनके बेटे राजवीर सिंह ने यह पुरस्कार प्राप्त किया है।