TOP STORIES

भारत में शुरू हुआ साल का आखिरी चंद्र ग्रहण


ईटानगर में पूर्ण ग्रहण के साथ चंद्रोदय; न्यूयॉर्क और सिडनी में दिखा ब्लड मून

साल का आखिरी चंद्र ग्रहण भारत में शुरू हो गया है। अरुणाचल प्रदेश की राजधानी ईटानगर में पूर्ण ग्रहण के साथ चंद्रोदय सबसे पहले देखा गया। कोलकाता, कोहिमा, पटना, पुरी, रांची, में पूर्ण और शेष भारत में आंशिक चंद्र ग्रहण दिखेगा। दिल्ली में 5.28 और मुंबई में 6.01 से आंशिक चंद्र ग्रहण शुरू होगा। 6.19 बजे ग्रहण खत्म हो जाएगा। अगले साल 2023 में कुल चार ग्रहण होंगे। इनमें दो सूर्य और दो चंद्र ग्रहण रहेंगे, लेकिन देश में सिर्फ एक आंशिक चंद्र ग्रहण ही दिखेगा। इसलिए, आज चंद्र ग्रहण देखने का मौका न छोड़ें।दुनिया के बाकी देशों की बात करें तो चंद्र ग्रहण सबसे पहले 2.39 पर प्रशांत महासागर क्षेत्र में दिखा। इसके बाद यह अमेरिका होते हुए ऑस्ट्रेलिया और फिर जापान में देखा गया। अमेरिका और ऑस्ट्रेलिया में यह आधा दिख रहा था। कुछ देर बाद ही दोनों देशों में ब्लड मून दिखने लगा। हालांकि जापान में चंद्र ग्रहण आंशिक तौर पर ही देखा गया। ग्वाटेमाला में चंद्र ग्रहण आधा दिखा। 2022 से पहले सूर्य और चंद्र ग्रहण का ऐसा योग 2012 और 1994 में बना था। 2012 में 13 नवंबर को दिवाली पर सूर्य ग्रहण और 28 नवंबर को देव दिवाली पर चंद्र ग्रहण हुआ था। 1994 में 3 नवंबर को दिवाली पर सूर्य ग्रहण और 18 नवंबर को देव दिवाली पर चंद्र ग्रहण हुए थे। अब ऐसा संयोग 18 साल बाद बनेगा। 2040 में 4 नवंबर को दिवाली पर आंशिक सूर्य ग्रहण (भारत में नहीं दिखेगा) और 18 नवंबर को देव दिवाली पर पूर्ण चंद्र ग्रहण होगा, ये ग्रहण भारत में दिखेगा।