Latest News नयी दिल्ली राष्ट्रीय

मणिपुर के कांग्रेस प्रभारी बोले- लोगों के विचारों का सम्मान नहीं कर रही भाजपा, राज्‍य में बनेगी हमारी सरकार


नई दिल्‍ली, । मणिपुर के लिए कांग्रेस के प्रभारी भक्त चरण दास ने रविवार को भाजपा पर नागरिकों को निशाना बनाने के लिए अफस्पा को ‘संगठित हिंसा’ कानून में बदलने का आरोप लगाया। कहा कि इसे निरस्त करने की मांग मणिपुर में बड़ा मुद्दा है, लेकिन भाजपा लोगों के विचारों का सम्मान नहीं कर रही है। कांग्रेस ने अपने चुनाव घोषणापत्र में इस कानून पर ‘चुप्पी’ साधने के लिए भाजपा की आलोचना की है।

कांग्रेस ने वादा किया है कि अगर वह मणिपुर विधानसभा चुनाव में जीतकर सरकार बनाती है तो सशस्त्र बल (विशेषाधिकार) कानून या अफस्पा को निरस्त करने के लिए काम करेगी। दास ने उन सुझावों को खारिज कर दिया कि मुख्यमंत्री पद के चेहरे की घोषणा न करने से मणिपुर में कांग्रेस के प्रदर्शन पर असर पड़ सकता है। उन्होंने कहा कि पार्टी के पास पूर्व मुख्यमंत्री ओकराम इबोबी सिंह समेत कई सक्षम नेता हैं। सिंह सक्रिय हैं और राज्य के नेतृत्व के लिए ‘बहुत मजबूत चेहरा’ हैं।

भक्त चरण दास (Bhakta Charan Das) ने कहा कि मणिपुर कांग्रेस की सोच वाला राज्य है। यहां कांग्रेस की सरकार ने लगातार तीन कार्यकाल पूरा किया था। यह दिखाता है कि मणिपुर में कांग्रेस की नींव मजबूत है। उन्‍होंने (Bhakta Charan Das) आरोप लगाया कि भाजपा की सरकार लोगों के जनादेश से नहीं बल्कि षडयंत्र करके सत्ता में आई। भाजपा की सरकार अवैध तरीके से सत्ता में है। इस सरकार में उच्च न्यायालय के आदेश के बावजूद 12 विधायक असंवैधानिक रूप से पद पर बने रहे।