पटना

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने लिया मंदिरी नाला के विकास कार्य का जायजा


नाले के पानी का होगा सिंचाई में उपयोग

(आज समाचार सेवा)

पटना। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा है कि मंदिरी नाले पर बनने वाली सडक़ को अशोक राजपथ के बाद एलिवेटेड कर जेपी गंगा पथ मिला दिया जायेगा। इस पथ के जेपी गंगा पथ से जुडऩे से कई रूटों के लोगों के लिए आवगमन और सुगम होगा। मंदिरी नाले पर बनने वाली सडक़ से लोगों के आवागमन में काफी सहुलियत होगी। मुख्यमंत्री रविवार को मंदिरी नाले पर शुरु किये गये विकास कार्यों का जायजा लेने के बाद बोल रहे थे।

उन्होंने मंदिरी नाले पर शुरू किये गये कार्य के बारे में अधिकारियों का निर्देश देते हुए कहा कि गंगा नदी में शहर का गंदा पानी न जाये इसकी व्यवस्था सुनिश्चित करें। मंदिरी नाले के पानी को ट्रीटेड कर पाइप के माध्यम से शहर के बाहर सिंचाई कार्य के लिए उपयोग में लाया जाये। नगर विकास एवं आवास विभाग जल संसाधन विभाग के साथ मिलकर तेजी से काम शुरू करे।

मुख्यमंत्री रविवार को होटल पाटलिपुत्र अशोका के बगल के रास्ते होते हुए मजार के पास से नेहरू पथ होते हुए मंदिरी नाले के क्षेत्र का भ्रमण किया। मुख्यमंत्री के मंदिरी पहुंचने पर लोगों में खासा उत्साह दिखा और नारा लगा कर मंदिरी क्षेत्र में शुरू किये गये कार्यों के लिए मुख्यमंत्री को धन्यवाद दिया।

उन्होंने मंदिरी के ड्रेनेज पंपिं प्लांट का निरीक्षण किर मंदिरी नाले पर होने वाले सडक़ निर्माण की जानकारी ली। उन्होंने मंदिरी नाले पर होने वाले सडक़ निर्माण कार्य के संबंध में नगर विकास एवं आवास विभाग के अधिकरियों को कई निर्देश दिये। ज्ञातव्य है कि मुख्यमंत्री ने शनिवार को पटना स्मार्ट सिटी मिशन के अंतर्गत मंदिरी नाले के विकास कार्य योजनाओं का शिलान्यास किया था।

मुख्यमंत्री के साथ मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव दीपक कुमार, चंचल कुमार, नगर विकास एवं आवास के प्रधान सचिव आनंद किशोर, मुख्यमंत्री के सचिव अनुपम कुमार, मुख्यमंत्री के विशेष कार्य पदाधिकारी गोपाल सिंह, जिलाधिकारी चंद्रशेखर सिंह, नगर आयुक्त अनिमेष पराशर, एसएसपी उपेंद्र शर्मा समेत कई अधिकारी मौजूद थे।