Latest News उत्तर प्रदेश उत्तराखण्ड नयी दिल्ली राष्ट्रीय लखनऊ वाराणसी

मुलायम सिंह के निधन पर राष्ट्रपति समेत कई बड़े नेताओं ने जताया दुख,


नई दिल्ली, । उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव का 82 वर्ष की उम्र में निधन हो गया। मुलायाम सिंह ने सोमवार सुबह 8:15 मिनट पर अंतिम सांस ली। इस दुखद खबर की जानकारी देते हुए अखिलेश यादव ने कहा ‘मेरे आदरणीय पिताजी और सबके नेता जी नहीं रहे।’ मुलायम सिंह यादव पिछले कई दिनों से दिल्ली के मेदांता अस्पताल में भर्ती थे। उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह के निधन पर पीएम मोदी समेत कई बड़े नेताओं ने गहरा दुख व्यक्त किया।

जमीन से जुड़े जननेता के रूप में किए जाएंगे याद: अमित शाह

केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने कहा कि दुख की इस घड़ी में उनके परिजनों व समर्थकों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त करता हूं। ईश्वर दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें। साथ ही उन्होंने कहा कि मुलायम सिंह यादव जी अपने अद्वितीय राजनीतिक कौशल से दशकों तक राजनीति में सक्रिय रहे। आपातकाल में उन्होंने लोकतंत्र की पुनर्स्थापना के लिए बुलंद आवाज उठाई। वह सदैव एक जमीन से जुड़े जननेता के रूप में याद किए जाएंगे। उनका निधन भारतीय राजनीति के एक युग का अंत है।

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने जताया दुख

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने दुख व्यक्त करते हुए कहा कि मुलायम सिंह यादव का निधन देश के लिए अपूरणीय क्षति है। साधारण परिवेश से आए मुलायम सिंह यादव जी की उपलब्धियां असाधारण थीं। ‘धरतीपुत्र’ मुलायम जी जमीन से जुड़े दिग्गज नेता थे। उनका सम्मान सभी दलों के लोग करते थे। उनके परिवार-जन व समर्थकों के प्रति मेरी गहन शोक-संवेदनाएं!

मुलायस सिंह का योगदान हमेशा रहेगा अविस्मरणीय: सोनिया गांधी

कांग्रेस की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी ने दिग्गज नेता मुलायम सिंह यादव के निधन पर दुख जताया। उन्होंने एक संदेश लिखा कि देश के पूर्व रक्षामंत्री और यूपी के पूर्व मुख्यमंत्री के रूप में मुलायम सिंह का योगदान हमेशा अविस्मरणीय रहेगा।

राजनीति से जुड़े एक सच्चे योद्धा थे मुलायम सिंह: राहुल गांधी

कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने ट्वीट करते हुए कहा, ‘मुलायम सिंह यादव जी का निधन एक बेहद दुखद समाचार है। वो जमीनी राजनीति से जुड़े एक सच्चे योद्धा थे। मैं अखिलेश यादव समेत सभी शोकाकुल परिजनों के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करता हूं।’

भारत में ऐसा कोई व्यक्ति नहीं, जो इस दिन शोक न करे

मुलायम सिंह यादव के निधन पर नेशनल कॉन्फ्रेंस के नेता फारूक अब्दुल्ला वह जनता के नेता थे। उन्होंने अपना पूरा जीवन गरीबों के कल्याण के लिए समर्पित कर दिया। वह सभी धर्मों का सम्मान करते थे और सभी धर्मों के लिए लड़ते थे। भारत में ऐसा कोई व्यक्ति नहीं है, जो इस दिन शोक न करे।

मुलायम सिंह थे सबके प्रिय: पीयूष गोयल

केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने दुख व्यक्त करते हुए कहा कि मुलायम सिंह जी सबके प्रिय थे। उन्होंने देश के लिए राजनीतिक और सामाजिक दृष्टिकोण से अपना जीवन समर्पित किया। उत्तर प्रदेश और पूरे देश के लिए क्षति है। उनका आशीर्वाद हमेशा मुझे मिला। भगवान उनकी आत्मा को शांति दे और पूरे परिवार को दुख सहन करने की शक्ति दे।

कांग्रेस ने कहा, भारतीय राजनीति के लिए अपूरणीय क्षति

इस दुख की घड़ी पर कांग्रेस ने ट्वीट कर कहा कि समाजवादी पार्टी के संरक्षक देश के पूर्व रक्षामंत्री और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव जी का निधन भारतीय राजनीति के लिए अपूरणीय क्षति है। ईश्वर उन्हें अपने श्रीचरणों में स्थान दें और उनके परिवार एवं समर्थकों को यह दुःख सहने की शक्ति प्रदान करें।

पीएम मोदी ने मुलायम सिंह से जुड़ी कई यादें ट्विटर पर साझा की है। पीएम मोदी ने कहा, ‘मुलायम सिंह यादव जी एक विलक्षण व्यक्तित्व के धनी थे। उन्हें एक विनम्र और जमीन से जुड़े नेता के रूप में व्यापक रूप से सराहा गया, जो लोगों की समस्याओं के प्रति संवेदनशील थे। उन्होंने लगन से लोगों की सेवा की और लोकनायक जेपी और डॉक्टर लोहिया के आदर्शों को लोकप्रिय बनाने के लिए अपना जीवन समर्पित कर दिया।

रक्षा मंत्री के रूप में उन्होंने किया मजबूत काम

एक दूसरे ट्वीट में पीएम मोदी ने कहा कि मुलायम सिंह यादव जी ने यूपी और राष्ट्रीय राजनीति में अपनी अलग पहचान बनाई। वह आपातकाल के दौरान लोकतंत्र के लिए एक प्रमुख सैनिक थे। रक्षा मंत्री के रूप में उन्होंने एक मजबूत भारत के लिए काम किया। उनके संसदीय हस्तक्षेप व्यावहारिक थे और राष्ट्रीय हित को आगे बढ़ाने पर जोर देते थे।

पीएम मोदी ने कहा कि जब हमने अपने-अपने राज्यों के मुख्यमंत्रियों के रूप में काम किया, तब मुलायम सिंह यादव जी के साथ मेरी कई बातचीत हुई। हम दोनों की घनिष्ठता जारी रही और मैं हमेशा उनके विचारों को सुनने के लिए उत्सुक रहता था। उनका निधन मुझे पीड़ा देता है। उनके परिवार और लाखों समर्थकों के प्रति संवेदना हैं। ओम् शांति।

 

मुलायम सिंह का निधन बेहद पीड़ादायक: राजनाथ सिंह

केंद्रीय रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि मुलायम सिंह यादव जी जमीन से जुड़े एक ऐसे नेता थे, जिन्होंने कई दशकों तक उत्तर प्रदेश की राजनीति में एक प्रमुख भूमिका निभाई। अपने लम्बे सार्वजनिक जीवन में उन्होंने अनेक पदों पर काम किया और देश, समाज एवं प्रदेश के विकास में अपना योगदान दिया। उनका निधन बेहद पीड़ादायक है।

मायावती ने कहा, शुभचिन्तकों के प्रति गहरी संवेदना

मायावती ने कहा कि समाजवादी पार्टी के व्योवृद्ध नेता व पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव जी के निधन हो जाने की खबर बेहद दुखद है। उनके परिवार व सभी शुभचिन्तकों के प्रति मेरी गहरी संवेदना है। कुदरत उन सबको इस दुख को सहन करने की शक्ति दे।

मुलायम सिंह छोड़ गए अपने काम की विशाल विरासत

मुलायम सिंह के निधन पर शिवसेना सांसद प्रियंका चतुर्वेदी ने दुख व्यक्त करते हुए कहा कि अखिलेश यादव व यादव परिवार परिवार और समाजवादी पार्टी के सभी सदस्यों और उसके समर्थकों के प्रति मेरी हार्दिक संवेदना है। साथ ही उन्होंने कहा कि वह अपने पीछे काम और सेवा की एक विशाल विरासत छोड़ गए हैं। हम सबको उसकी बहुत कमी खलेगी।

मुलायम सिंह का अतुलनीय योगदान हमेशा रहेगा याद: प्रियंका गांधी

कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी वाड्रा ने दुख व्यक्त करते हुए कहा कि मुलायम सिंह यादव जी के निधन का दुखद समाचार मिला। भारतीय राजनीति में उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री व भारत सरकार के पूर्व रक्षामंत्री व सामाजिक न्याय के सशक्त पैरोकार के रूप में उनका अतुलनीय योगदान हमेशा याद रखा जाएगा। साथ ही उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव व अन्य सभी प्रियजनों के प्रति मेरी गहरी शोक संवेदनाएं हैं।