News TOP STORIES उत्तर प्रदेश राष्ट्रीय लखनऊ

मैनपुरी में सीएम योगी आदित्यनाथ ने कसा तंज, बोले नाम समाजवादी और काम तमंचावादी


आगरा, । मैनपुरी की धरती को नमन करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ बोले मयान ऋषि की तपोभूमि है ये। मैनपुरी ने सदियों से भारतीय संस्कृति को संरक्षित रखा है। देश का इतिहास रहा है मैनपुरी में। यहां तेजसिंह का किला है। बीच मे यहां माहौल बिगड़ गया था। अराजकता करने वाले तत्व, अपराध करने वाले तत्व सक्रिय थे। पुरानी सरकार ने उनका साथ दिया। माफिया पहले किसी भी गरीब की जमीन पर कब्जा कर लेते थे। बेटियां स्कूल नहीं जा पाती थीं। सम्मानित व्यक्ति घर से निकलने से डरते थे। दंगे हो जाते थे। व्यापारियों से लूट हो रही थी। जब भाजपा की सरकार आई तो गुण्डे अपराधी अपने बिलों में छुप गए। इनका नाम समाजवादी है। काम तमंचावादी है। सोच परिवारवादी है। इसलिए परिवार के अलावा किसी को आगे नहीं बढ़ने देंगे। 2012 में जब ये आये थे तो इन्होंने अयोध्या में हमला करने वाले आतंकियों से मुकदमे वापस लिए थे।

मुलायम सिंह के गढ़ किशनी विधानसभा क्षेत्र के गांव पतारा में सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा कि हमने रोमियो स्क्वाड बनाया। बेटियों की सुरक्षा की। बूचड़खाने बंद कराए। कोरोना आया था तो इन लोगों ने वैक्सीन का दुष्प्रचार किया था। अब आप लोगों को इनको वोट से जबाव देना है। डबल इंजन की सरकार में फ्री राशन मिल रहा है। पहले राशन कहां चला जाता था। अब बिजली भी पूरी आ रही है। पहले रात में बिजली नहीं आती थी, रात में डाके पड़ते थे। हम नौजवानों को टेबलेट ओर स्मार्टफोन दे रहे हैं। समाजवादी पेंशन के नाम पर उन्होंने दूसरी पेंशन बन्द कर दी थी। हमने सभी जरूरत मंद को पेंशन दी। समाजवादी सरकार में कर्फ्यू लगता था। बमबाजी होती थी। अब कावड़ यात्रा निकलती है। दंगे करने वाले जेल में हैं। पेशेवर अपराधियों की संपत्ति पर बुलडोजर चल रहा है। जब बुलडोजर चलता है तो सबसे ज्यादा तकलीफ अखिलेश जी को होती है। मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि इस बार मैनपुरी की चारों सीट जितानी हैं। हमारी सरकार बनेगी तो जनहित की योजनाएं चलेंगी। उन्होंने मैनपुरी की चारों सीटों पर भाजपा प्रत्याशियों के नाम लेकर जिताने की अपील के साथ संबोधन समाप्त किया।