News TOP STORIES नयी दिल्ली राष्ट्रीय

मोदी कैबिनेट में शामिल नए मंत्रियों का पदभार संभालना शुरू


  • नई दिल्ली,। मोदी कैबिनेट में शामिल हुए नए मंत्रियों ने अपना पदभार संभालना शुरू कर दिया है। अनुराग ठाकुर अश्विनी वैष्णव और मनसुख मंडाविया समेत कई मंत्रियों ने मंत्री के तौर पर अपना कार्यभार संभाल लिया है। बता दें कि बुधवार को हुए मोदी कैबिनेट की विस्तार में 36 नए मंत्रियों ने शपथ ली। इनमें से 28 राज्यमंत्री हैं। वहीं सात राज्यमंत्रियों को उनके प्रदर्शन के आधार पर प्रमोट किया गया है। इसके अलावा कैबिनेट में 15 नए चेहरों को शामिल किया गया है।

अनुराग ठाकुर ने सूचना और प्रसारण मंत्री और अश्विनी वैष्णव ने रेल मंत्री के अलावा इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री के रूप में कार्यभार संभाल लिया है। वहीं मनसुख मंडाविया ने स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्री के रूप में कार्यभार संभाल लिया है। मंडाविया ने स्वास्थ्य मंत्री के रूप में कार्यभार संभालने के बाद अपने कार्यालय में पूजा की।

किरण रिजिजू ने कानून मंत्री का पद संभाला

इसके अलावा केंद्रीय रेल राज्य मंत्री के तौर पर दर्शन विक्रम जरदोश और दानवे रावसाहेब दादाराव ने आज रेल भवन में पदभार संभाल किया। डॉ. भारती प्रवीण पवार ने स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय में राज्य मंत्री के रूप में कार्यभार संभाला। इस्पात मंत्री रामचंद्र प्रसाद सिंह ने भी पदभार संभाल लिया। किरण रिजिजू ने कानून मंत्री और राजीव चंद्रशेखर ने इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय में राज्य मंत्री के रूप में कार्यभार संभाला लिया है।

जी किशन रेड्डी ने संस्कृति और पर्यटन मंत्री के रूप में कार्यभार संभाला

वहीं जी किशन रेड्डी ने संस्कृति और पर्यटन मंत्री के रूप में कार्यभार संभाला। पुरुषोत्तम रूपाला ने मत्स्य पालन, पशुपालन और डेयरी मंत्री के रूप में कार्यभार संभाला। मध्य प्रदेश सांसद वीरेंद्र कुमार ने सामाजिक न्याय और अधिकारिता मंत्रालय के राज्य मंत्री (MoS) के रूप में कार्यभार संभाला।

जिम्मेदारी को अपेक्षाओं के अनुरूप पूरी करने की कोशिश करूंगा: अनुराग ठाकुर

अनुराग ठाकुर ने सूचना और प्रसारण मंत्री के रूप में कार्यभार संभालने के बाद कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने पिछले 7 वर्षों में भारत को आगे ले जाने के लिए बहुत अच्छा काम किया है। आइ एंड बी मंत्रालय में मुझसे पहले लोगों द्वारा किए गए काम और पीएम द्वारा मुझे दी गई जिम्मेदारी को मैं अपेक्षाओं के अनुरूप पूरी करने की कोशिश करूंगा। वहीं रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा कि रेलवे पीएम मोदी के विजन का अहम हिस्सा है। रेलवे के लिए उनका दृष्टिकोण लोगों के जीवन को बदलना है, ताकि आम आदमी, किसान, गरीब सभी को रेलवे का लाभ मिले। मैं उस विजन के लिए काम करूंगा।

मिनिसट्री तो संभली हुई है: रामचंद्र प्रसाद सिंह

इस्पात मंत्री रामचंद्र प्रसाद सिंह (आरसीपी सिंह) ने कहा कि मिनिस्ट्री हम संभाले नहीं हैं, मिनिसट्री तो संभली हुई है। आज यहां मेरा पहला दिन है, यह मेरे लिए खुशी का पल है। मैं खुले दिमाग से काम करता हूं। मुझे अभी कुछ नहीं पता, मैं सब कुछ जांचूंगा, उन्हें समझूंगा और फिर उस पर बोलूंगा। किरण रिजिजू ने कानून मंत्री का पदभार संभालने के बाद कहा कि कानून और न्याय मंत्री के रूप में कार्य करना मेरे लिए बहुत बड़ी जिम्मेदारी है। जनता की अपेक्षाओं को पूरा करना मेरी प्राथमिकता होगी। हम हमेशा पारदर्शी रहने की कोशिश करेंगे।

अनुराग ठाकुर को खेल मंत्रालय भी संभालने की जिम्मेदारी

बता दें कि सूचना और प्रसारण के अलावा, अनुराग ठाकुर को खेल मंत्रालय भी संभालने की जिम्मेदारी दी गई है। वह पूर्व में बीसीसीआई के प्रमुख भी रह चुके हैं। सूचना और प्रसारण विभाग पहले प्रकाश जावड़ेकर के पास था, जो अब कैबिनेट से बाहर हैं। खेल मंत्रालय किरण रिजिजू के पास था, जो अब नए कैबिनेट में कानून मंत्री होंगे।

वैष्णव को इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय की अतिरिक्त जिम्मेदारी

ब्यूरोक्रेट एंटरप्रेन्योर से राजनेता बने अश्विनी वैष्णव 1994-बैच के एक पूर्व आएएएस अधिकारी हैं। उन्होंने 15 वर्षों से अधिक समय तक महत्वपूर्ण जिम्मेदारियों को संभाला है और वे विशेष रूप से बुनियादी ढांचे में सार्वजनिक-निजी भागीदारी (पीपीपी) ढांचे में योगदान के लिए जाने जाते हैं। इससे उनको रेल के क्षेत्र में कफी मदद मिलेगी। उन्होंने जनरल इलेक्ट्रिक और सीमेंस जैसी प्रमुख वैश्विक कंपनियों में नेतृत्वकर्ता की भूमिकाएं भी निभाई हैं। वैष्णव ने पेंसिल्वेनिया विश्वविद्यालय के व्हार्टन स्कूल से एमबीए और आइआइटी कानपुर से एमटेक किया है। उनको इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय की अतिरिक्त जिम्मेदारी भी सौंपी गई है।