News TOP STORIES नयी दिल्ली राष्ट्रीय

मोदी तेरी कब्र खुदेगी पर अब अमित शाह ने कसा तंज


बीदर, कांग्रेस पर खुद के दिग्गज नेताओं का अपमान करने का आरोप लगाते हुए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने शुक्रवार को जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जिस तरह से कर्नाटक के पूर्व मुख्यमंत्री बी एस येदियुरप्पा को उनके जन्मदिन पर बधाई दी, वह कुछ ऐसा है जो सभी राजनीतिक दलों को सीखना चाहिए। शाह ने कहा कि कांग्रेस को खासकर सीखना चाहिए कि बड़े नेताओं के साथ कैसा व्यवहार किया जाए।

‘मोदी तेरी कब्र खुदेगी’ नारे पर तंज

कर्नाटक में एक जनसभा को संबोधित करते हुए शाह ने कहा कि कांग्रेस ने हमेशा अपने नेताओं का अपमान किया है चाहे वह एस निजलिंगप्पा हों या पूर्व मुख्यमंत्री वीरेंद्र पाटिल। उन्होंने दावा किया कि केवल भाजपा ही जानती है कि पार्टी के दिग्गजों के साथ गरिमापूर्ण व्यवहार कैसे किया जाता है। शाह ने इसी के साथ कांग्रेस नेताओं द्वारा ‘मोदी तेरी कब्र खुदेगी’ जैसे नारों को लेकर तंज कसा है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस को क्या हो गया है?

आम आदमी पार्टी पर भी किया हमला

शाह ने भाषण में आम आदमी पार्टी पर हमला बोलते हुए कहा कि अब ये पार्टी भी ‘मोदी मर जा’ के नारे लगा रही है। शाह ने कहा कि इस तरह की नारेबाजी से मदद नहीं मिलेगी क्योंकि प्रधानमंत्री के पास लोगों का आशीर्वाद है।

उन्होंने कहा कि आप जितना कीचड़ उछालेंगे, कमल और खिलेगा। शाह ने आरोप लगाया कि कांग्रेस और जद (एस) वंशवादी पार्टियां हैं और वे कर्नाटक के लोगों का कभी भला नहीं कर सकते। बता दें कि कर्नाटक में मई तक विधानसभा चुनाव होने हैं।

PM Modi से लें सीख

शाह ने कहा, ”प्रधानमंत्री मोदी हाल ही में कर्नाटक में थे और जिस तरह से उन्होंने लोगों के सामने येदियुरप्पा का सम्मान किया, वह कुछ ऐसा है जो सभी राजनीतिक दलों को सीखना चाहिए। उन्हें अपने बुजुर्गों, दिग्गजों और लोकप्रिय नेताओं का सम्मान करना सीखना चाहिए।”