News TOP STORIES उड़ीसा झारखंड नयी दिल्ली बंगाल

यास चक्रवात से बंगाल में भारी नुकसान, अब झारखंड में हाई अलर्ट


नई दिल्ली । पूर्वी भारत में यास तूफान लगातार कहर ढा रहा है। पश्चिम बंगाल और ओडिशा में तबाही के बाद यास तूफान अब झारखंड की ओर बढ़ रहा है। मौसम विभाग ने पश्चिम बंगाल (West Bengal) के कोलकाता, पूर्व और पश्चिम मेदिनीपुर जिलों के कुछ हिस्सों में बिजली और गरज के साथ बारिश होने की संभावना है। Cyclone Yaas के ओडिशा के तट से होकर गुजरने के बाद अब नुकसान का जायजा लिया जा रहा है। साथ ही अब इस चक्रवाती तूफान के कारण झारखंड पर खतरा मंडरा रहा है।

ओडिशा के 128 गांव चक्रवाती तूफान से प्रभावित

ओडिशा के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने राज्य के 128 चक्रवात प्रभावित गांवों को 7 दिन की राहत देने की घोषणा की। इसके अलावा उन्होंने कहा है कि अगले 24 घंटे में आवागमन के लिए सभी प्रमुख सड़कों और 80 प्रतिशत बिजली सप्लाई बहाल कर दी जाएगी। इधर पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने कहा कि हमने चक्रवात के प्रकोप के साथ-साथ उच्च ज्वार का भी सामना किया है। राज्य में करीब 1 करोड़ इस चक्रवाती तूफान से प्रभावित हुए हैं। 3 लाख घर और 134 तटबंध क्षतिग्रस्त हुए हैं।

गंगा नदी का जलस्तर बढ़ा

चक्रवाती तूफान के कारण लगातार हो रही बारिश के चलते हावड़ा में गंगा नदी का जलस्तर बढ़ गया है। तूफान बुधवार को सुबह ओडिशा के भद्रक जिले के तट से टकराया था और इसके बाद में वह दक्षिणी बालासोर के 20 किलोमीटर करीब से गुजरा। इसके चलते 140 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलीं।

झारखंड और बिहार के भारी बारिश का अलर्ट

स्काइमेट वेदर ने अगले 24 घंटों के दौरान चक्रवात यास के कमजोर होने की उम्मीद जताई है। चक्रवात यास आगे बढ़ते हुए झारखंड पर एक दबाव के रूप में कमजोर पड़ जाएगा। इस कारण से झारखंड और बिहार के कुछ हिस्सों में मध्यम से भारी बारिश बारिश हो सकती है। इसके अलावा उत्तर पूर्व भारत के हिस्सों में भी हल्की से मध्यम बारिश के साथ एक दो स्थानों पर भारी बारिश संभव है। 24 घंटों के बाद पूर्वी यूपी के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है। यही नहीं तटीय कर्नाटक, लक्षद्वीप, तमिलनाडु के अलग-अलग हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश संभव है। विदर्भ, मराठवाड़ा, कोंकण के साथ ही गोवा के कुछ हिस्सों में बारिश का पूर्वानुमान है।