Latest News उत्तर प्रदेश राष्ट्रीय लखनऊ

यूपी चुनाव 2022 : भाजपा को बड़ा झटका, राष्ट्रीय लोकदल में शामिल हुए अवतार सिंह भड़ाना


नई दिल्ली/नोएडा/फरीदाबाद ।  उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2022 में जुटी भारतीय जनता पार्टी को बुधवार को एक और झटका लगा है। 24 घंटे के दौरान एक अन्य विधायक अवतार सिंह भड़ाना ने भाजपा को बाय-बाय कह दिया है। उत्तर प्रदेश की मीरपुर विधानसभा सीट से मौजूदा भाजपा विधायक अवतार सिंह भड़ाना भाजपा छोड़ राष्ट्रीय लोकदल में शामिल हो गए हैं। अब वह गौतमबुद्धनगर की जेवर विधानसभा सीट राष्ट्रीय लोकदल के टिकट पर चुनाव लड़ेंगे। अवतार सिंह समाजवादी और राष्ट्रीय लोकदल के संयुक्त प्रत्याशी होंगे।

गौरतलब है कि तीन बार फरीदाबाद लोकसभा सीट और एक बार मेरठ से कांग्रेस के टिकट पर सांसद रहे अवतार सिंह भड़ाना बुधवार सुबह  राष्ट्रीय लोक दल में शामिल हो गए। दिल्ली कांस्टीट्यूशन क्लब में आरएलडी नेताओं के साथ बैठक के दौरान अवतार भड़ाना रालोद में शामिल हुए। अवतार सिंह भड़ाना का जेवर सीट से चुनाव लड़ना तय माना जा रहा है। बैठक में रालोद मुखिया जयंत चौधरी भी शामिल हुए। उनसे चर्चा की तस्वीरें भी इंटरनेट मीडिया में वायरल हैं।

गौरलतब है कि स्वामी प्रसाद मौर्य के बाद भाजपा से मीरापुर के मौजूदा विधायक अवतार सिंह भड़ाना बुधवार को राष्ट्रीय लोकदल में शामिल हो गए। दिल्ली में रालोद मुखिया जंयत चौधरी के साथ मिलकर अवतार भड़ाना रालोद में शामिल हुए। उत्तर प्रदेश के विधानसभा चुनाव में अब वह गुर्जर बाहुल्य इलाके गौतमबुद्धनगर की जेवर सीट से चुनाव लड़ेंगे। 10 फरवरी को पश्चिमी उत्तर प्रदेश में चुनाव हैं।

गुर्जर बिरादरी में बड़ा कद

हरियाणा में फरीदाबाद के रहने वाले अवतार सिंह भड़ाना 64 साल के हैं। इनका राजनीतिक सफर लंबा है। कांग्रेस के टिकट वह फरीदाबाद से तीन बार और मेरठ से एक बार सांसद रहे चुके हैं। 2017 में भाजपा से मुजफ्फरनगर की मीरापुर विधानसभा सीट पर उन्होंने भाजपा के टिकट पर विधानसभा का चुनाव लड़ा और बहुत कम वोटों से वह चुनाव जीत सके। भाजपा के विधायक रहते हुए अवतार भड़ाना ने 2019 के लोकसभा चुनाव में हरियाणा की फरीदाबाद सीट से कांग्रेस के सिंबल पर लोकसभा का चुनाव लड़ा और मौजूदा केंद्रीय राज्य मंत्री कृष्णपाल गुर्जर से रिकार्ड मतों से हार गए।