Latest News उत्तर प्रदेश राष्ट्रीय लखनऊ

यूपी-बिहार वालों को ट्रेनों में नहीं मिल रही टिकट, योगी सरकार ने दिया विकल्प; छठ-दीवाली पर मिलेगी राहत


गाजियाबाद, दीपावली और छठ पूजा पर घर जाने के लिए लोगों को ट्रेनों में कन्फर्म सीट नहीं मिल पा रही है। इससे परेशान लोगों के लिए राहत भरी खबर है। उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम (यूपीएसआरटीसी) की ओर से त्योहारों पर यात्रियों को राहत देने के अतिरिक्त बसों का संचालन किया जाएगा।

मिली आधिकारिक जानकारी के अनुसार, फेस्टिवल सीजन के मद्देनजर यात्रियों को कोई दिक्कत नहीं हो, इसलिए बसों का संचालन, कौशांबी, लोनी, गाजियाबाद, आनंद विहार, कश्मीरी गेट डिपो से उत्तराखंड व उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों के लिए किया जाएगा।

यूपी-बिहार जाने वालों की संख्या में इजाफा होना तय

यूपीएसआरटीसी के क्षेत्रीय प्रबंधक एके सिंह ने बताया कि दीपावली पर बड़ी संख्या में लोग घर जाते हैं। इस बार 24 अक्टूबर को दीपावली और 30 अक्टूबर को छठ पूजा है। दीपावली पर दिल्ली-एनसीआर से उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड के विभिन्न जिलों में जाने वाले यात्रियों की संख्या बढ़ जाती है।

छठ त्योहार घर जाने वालों को मिलेगी राहत

उन्होंने बताया कि त्योहार के मद्देनजर यात्रियों को ट्रेन में सीटें नहीं मिल पाती हैं। ऐसे में 200 से 250 अतिरिक्त बसों को चलाने की तैयारी की गई है। दीपावली के एक सप्ताह पहले तक उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों के लिए बसों का संचालन किया जाएगा।

ट्रेनों में नहीं मिल रही सीट

वसुंधरा सेक्टर – एक में श्याम गुप्ता अपनी पत्नी और बच्चों के साथ रहते हैं। वह वाराणसी के रहने वाले हैं। उनका कहना है कि दीपावली पर घर जाना है लेकिन ट्रेन में सीट नहीं मिल रही है। सभी ट्रेनों में सीटें फुल हैं। वेटिंग टिकट मिल रही है, जिनके कन्फर्म होने की संभावना बहुत कम है। ऐसे में अब बस से ही यात्रा करेंगे।

jagran

पिंक बसों में महिलाओं के वरीयता

एके सिंह ने बताया कि साधारण व एसी बसों के साथ महिलाएं के लिए एसी पिंक बसें भी चलाई जाएंगी। गाजियाबाद रीजन में कुल 18 पिंक बसें हैं। इन बसों में महिलाओं को वरीयता दी जाती है।

 

स्टाफ की छुट्टी नहीं रहेगी

लंबे रूट पर अतिरिक्त बसों के संचालन के साथ कम दूरी की बसों के फेरे भी बढ़ाए जाएंगे। इससे ज्यादा से ज्यादा लोगों को राहत मिलेगी। साथ ही रोडवेज के चालकों और परिचालकों की छुट्टियां रद कर दी गई हैं, जिससे की संचालन में कोई बाधा न आए। आपातकाल की स्थिति में ही छुट्टी दी जाएगी। अच्छा काम करने वाले कर्मचारियों को प्रोत्साहन राशि भी दी जाएगी।