Latest News उत्तर प्रदेश राष्ट्रीय लखनऊ

यूपी विधानसभा चुनाव 2022: निर्वाचन आयोग ने जारी की मतदाता सूची


लखनऊ, पिछले पांच वर्ष में प्रदेश में 90.30 लाख मतदाता बढ़ गए हैं। वर्ष 2017 में 14,12,53,172 मतदाता थे जो बढ़कर 15,02,84,005 हो गई है। इनमें 8,04,52,736 पुरुष व 6,98,22,416 महिलाएं व 8853 थर्ड जेंडर मतदाता शामिल हैं। वर्ष 2022 में प्रदेश की अनुमानित जनसंख्या 24.03 करोड़ की तुलना में मतदाताओं का अनुपात 62.52 प्रतिशत है। प्रदेश में युवा मतदाताओं (18 से 30 वर्ष) की कुल संख्या भी 3.89 करोड़ पहुंच गई है। 80 वर्ष से ज्यादा उम्र के 24,03,296 मतदाता हैं।

एक जनवरी 2022 को 18 वर्ष की आयु पूरी करने वाले युवाओं को मतदाता बनाने के लिए भारत निर्वाचन आयोग ने एक नवंबर से पांच दिसंबर तक मतदाता सूची का विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान चलाया था। बुधवार को अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित कर दी गई। मुख्य निर्वाचन अधिकारी अजय कुमार शुक्ला ने बताया कि अभियान के दौरान 52,80,882 मतदाताओं के नाम जोड़े गए हैं। इनमें 23,92,258 पुरुष, 28,86,988 महिला व 1636 थर्ड जेंडर शामिल हैं। 18-19 वर्ष के कुल मतदाताओं की संख्या 19,89,902 है। इनमें 10,62,410 पुरुष व 9,26,945 महिला व 547 थर्ड जेंडर के मतदाता शामिल हैं।

अभियान के दौरान 21,40,278 मतदाताओं के नाम काटे गए हैं। इसमें 10,00,050 मतदाताओं के नाम मृत्यु के कारण, 3,32,905 के नाम दूसरे स्थानों में चले जाने के कारण व 7,94,029 नाम मतदाता सूची में दो बार दर्ज होने के कारण काट दिए गए हैं। मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि एक नवंबर को अनंतिम मतदाता सूची के प्रकाशन के समय 14,71,43,298 मतदाता थे जो अब बढ़कर 15,02,84,005 हो गए हैं। प्रदेश में कुल दिव्यांग मतदाताओं की संख्या भी 10,64,266 हो गई है। उन्होंने बताया कि मतदाता सूची सभी पोङ्क्षलग बूथों पर एक सप्ताह तक प्रदर्शित की जाएगी। इसके अलावा जिला निर्वाचन अधिकारी व मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय में भी मौजूद रहेगी। मतदाता टोल फ्री नंबर 1950 पर फोन करके भी मतदाता सूची में अपने नाम की जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।