Latest News नयी दिल्ली राष्ट्रीय

येदियुरप्पा के इस्तीफे के बाद किसे मिलेगी कर्नाटक की बागडोर,


  • बी एस येदियुरप्पा के कर्नाटक के मुख्यमंत्री पद से सोमवार को इस्तीफा देने के बाद उनके उत्तराधिकारी के चयन को लेकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने अपनी कवायद आरंभ कर दी है। सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक इसी सिलसिले में सोमवार को संसद भवन परिसर में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और भाजपा अध्यक्ष जे पी नड्डा ने एक बैठक की और इस मुद्दे पर आरंभिक चर्चा की।

भाजपा अपने दो केंद्रीय पर्यवेक्षकों के नाम तय कर लेगी

सूत्रों का कहना है कि आज शाम तक भाजपा अपने दो केंद्रीय पर्यवेक्षकों के नाम तय कर लेगी। दोनों केंद्रीय पर्यवेक्षक बेंगलुरु जाएंगे और वहां विधायक दल की बैठक में शिरकत करेंगे जहां नए नेता का नाम तय किया जाएगा। येदियुरप्पा कर्नाटक के प्रभावशाली लिंगायत समुदाय से आते हैं। ऐसी चर्चा है कि लिंगायत समुदाय के ही किसी प्रभावशाली नेता को मुख्यमंत्री पद की कमान सौंपने पर भाजपा में विचार चल रहा है।

रेस में ये दो नाम आगे

पार्टी सूत्रों के मुताबिक संसदीय कार्य मंत्री प्रहलाद जोशी का नाम सीएम पद की रेस में सबसे आगे चल रहा है। इसके अलावा कर्नाटक के ही गृह मंत्री बासवराज बोम्मई भी सीएम पद की रेस में हैं। कहा जा रहा है कि अभी कर्नाटक के सीएम के तौर पर नए नेता के चुनाव में एक से दो दिन का वक्त लगेगा।