पटना

राजगीर को वर्ल्ड हेरिटेज बनाएं : आरसीपी


(आज समाचार सेवा)

पटना। जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष आरसीपी सिंह ने आज राज्यसभा में पर्यटन मंत्रालय के कार्यकरण पर चर्चा के दौरान राजगीर को वर्ल्ड हेरिटेज बनाने और बिहार में पर्यटन की अपार संभावनाओं का जिक्र करते हुए पर्यटन को लेकर बिहार सरकार द्वारा भेजे गए प्रस्तावों को शीघ्र स्वीकृति देने की मांग की है। उन्होंने माननीय प्रधानमंत्री और केन्द्रीय पर्यटन मंत्री को बधाई भी दी कि भारत आज पर्यटन इंडेक्स में ३४वें स्थान पर है।

अपने संबोधन के दौरान श्री सिंह ने कहा कि इतिहास में बिहार की ख्याति ज्ञान की भूमि के तौर पर रही और बिहार सत्ता का केन्द्र भी रहा। एक ओर यहां नालंदा, विक्रमशिला, उदंतपुरी और तेल्हारा के विश्वविद्यालय हैं तो दूसरी ओर मगध का साम्राज्य और संसार का प्रथम गणतंत्र वैशाली भी। निश्चित रूप से यहां टूरिज्म की अपार संभावनाएं हैं।

उन्होंने कहा कि बिहार प्राकृतिक रूप से भी उतना ही समृद्ध है। यहां पाए जाने वाले गंगा डॉल्फिन को देखना अपने आप में यादगार अनुभव होता है। यहां हर तरह के टूरिज्म की प्रचुर संभावना है। धार्मिक तौर पर देखें तो गया है जहां भवगान बुद्ध को ज्ञान की प्राप्ति हुई और जो हिन्दू धर्म को मानने वाले हैं वो यहीं अपने पूर्वजों का तर्पण करते हैं। मुख्यमंत्री श्री नीतीश कुमार की सरकार ने २८०० करोड़ रु. खर्च कर गंगा का जल गया पहुंचाने का ऐतिहासिक निर्णय लिया है।