पटना

पटना: बच्चों के नाम सीएम अंकल की पाती


(आज शिक्षा प्रतिनिधि)

पटना। बच्चों के नाम उनके सी.एम. अंकल ने पाती लिखी है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की बच्चों के नाम यह पाती बिहार दिवस को लेकर है। बिहार दिवस 22 मार्च को है। उस दिन अपना बिहार 109 साल का हो जायेगा।

बच्चों के नाम मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पाती यूं है- ‘प्यारे बिहार के दुलारे बच्चों! तुम सबको बिहार दिवस की असंख्य बधाई। अपना राज्य संयुक्त प्रांत से अलग होकर स्वतंत्र अस्तित्व में आया था। सन् 1912 में। उसके बाद से कई धर्मों-संस्कृतियों के लिए पावन भूमि रहा अपना यह ‘विहार’, ‘बिहार’ राज्य के रूप में दुनिया के सामने है। हम सबका, भारतवर्ष का मान-सम्मान बढ़ाते हुए। अपने मेधावी बच्चों, नौजवानों, भाई-बहनों की बुद्धिमता से राष्ट्र के विकास में योगदान करते।

श्रम की सौंधी खुशबू से देश-दुनिया को बेहतरीन बनाने में अपनी भूमिका निभाते। प्यारे बच्चों, बिहार का अतीत शानदार है। उसका वर्तमान हम सब मिलकर गढऩे में लगे हैं। और इसके भविष्य को स्वर्णिम बनाने की महती जिम्मा आपके ऊपर है। आप यह साकार करेंगे, हमें, आपके अभिभावकों को और इस बिहार को इसका पूरा भरोसा है। यह तब संभव होगा जब आप अच्छी आदतें अपनायें। खूब पढ़ो और खुद को गढ़ो। बचपन जीवन का अनमोल चरण है। यह जीवन के लक्ष्यों को लेकर नींव डालने का वक्त होता है।

भविष्य को बेहतर बनाने के लिए सच्चाई का रास्ता चुनना है। तुम्हें बुराई से दूरी रखनी होगी। माता-पिता का कहना शब्दश: मानना। वे जीवन के पहले गुरु और दुनिया में तुम्हारे सबसे बड़े शुभचिंतक हैं। अपने से बड़े-बुजुर्गों का आदर करना है। बच्चों का सपना देखना जरूरी है, इसलिए बड़े सपने देखो। क्योंकि सपने ही तुम्हारे अंदर बेहतर करने का जुनून पैदा करेंगे। उन्हें हकीकत बनाने की प्रेरणा देंगे। प्यारे बच्चों, बिहार गांधी के सत्य-अहिंसा की प्रयोगभूमि है। बापू के आदर्शों को जीवन में अपनाना है। बिहार दिवस के मौके पर हम सबको संकल्प लेना है कि आपस में सद्भाव और प्रेम रखेंगे। गौरवशाली बिहार के गौरव को और बढ़ाने के लिए तुम सब अपना योगदान दोगे।’

अपनी पाती के अंत में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार बच्चों से कहते हैं कि ‘याद रखना-

बिहार है हम हम सबका मान

हमें बढ़ाते रहना है इसका सम्मान।

एकबार फिर से बिहार दिवस की बधाई। आओ हम सब मिलके अपने प्यारे राज्य का जन्मदिन मनाएं। खुश हों और खुशियां बांटें।’